नागौर

चौसला से 7 किमी दूर 80 लाख लीटर क्षमता का पंप हाउस, गांव में टंकी, फिर भी प्यासे ग्रामीण

चौसला. सर्दी के मौसम में ही ग्रामीणों को पेयजल के लिए जूझना पड़ रहा है तो गर्मी में हालात कितने विकट होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:07 PM IST
चौसला से 7 किमी दूर 80 लाख लीटर क्षमता का पंप हाउस, गांव में टंकी, फिर भी प्यासे ग्रामीण

ग्राम पंचायत के पांच गांवों और दो दर्जन से अधिक ढाणियों में पेयजल व्यवस्था चिंताजनक बनी हुई है। पंचायत के करीब आधे क्षेत्र के लोग टैंकरों के भरोसे हैं। कहीं नलों से पानी नहीं पहुंच रहा तो कहीं कई दिनों के अंतराल से जलापूर्ति होती है। ऐसे में ग्रामीणों को नई पंचायत से राहत की उम्मीद है।

कस्बे से महज सात किलोमीटर दूर मेंढा नदी पर 80 लाख लीटर क्षमता का पंप हाउस और गांव में पांच लाख लीटर की टंकी बनी हुई है। इसके बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त जल संग्रहण क्षमता होने के बाद भी घरों तक पानी नहीं पहुंचना वितरण व्यवस्था की खामियों को दर्शाता है। कई मोहल्लों में पाइपलाइन होने के बावजूद पानी नहीं पहुंचता। वहीं कुछ क्षेत्रों में दो-चार दिन के अंतराल से सप्लाई होती है। निर्धारित समय नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

टैंकरों के पानी की गुणवत्ता पर भी चिंता

पंचायत के करीब आधे क्षेत्र में ग्रामीण टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार टैंकरों से मिलने वाले पानी में फ्लोराइड की मात्रा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं होने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण नियमित और स्वच्छ जलापूर्ति की मांग कर रहे हैं।

नए सरपंच के सामने बड़ी चुनौती

नवनिर्वाचित सरपंच मंगलाराम जैवल्या के सामने पेयजल व्यवस्था सुधारना बड़ी चुनौती है। ग्रामीणों की मांग है कि पांचों गांवों और दो दर्जन से अधिक ढाणियों में जलापूर्ति का सर्वे करवाकर वंचित क्षेत्रों की पाइपलाइन दुरुस्त कराई जाए। साथ ही सप्लाई का निश्चित समय तय हो और पंप हाउस व टंकी का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। अब ग्रामीणों की निगाहें नई पंचायत के प्रयासों पर टिकी हैं।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:07 PM IST
Published on: