नागौर

video—आ गए रघुनंदन, चहुंओर फैली दीपोत्सव सी आभा

- जिलेभर में हर्षोल्लास का माहौल, प्रभात फेरी, शोभायात्रा और कलश यात्राएं निकाली- रामलला के लाइव दर्शन कर हुए धन्य- गांव, कस्बे से शहरों तक सजे घर-घर, आतिशी नजारों से अटा आसमां

3 min read
Jan 23, 2024
कुचेरा में रामलला प्राण प्रतिष्ठा में रैली निकालते युवा।

नागौर . आ ही गए रघुनंदन, सजवादो द्वार-द्वार, स्वर्ण कलश रखवादो, बंधवादों बंधन वार…सजी नगरिया है सारी, नाचे गावे नर-नारी, खुशियां मनाओ...। शरीखे भजनों के साथ सोमवार को समूचा जिला साक्षी बना रामलला प्राण प्रतिष्ठा का। ढोल, नगाड़े और डीजे से रामलला का उनके घर में अभिनंदन किया। स्थापना अयोध्या में हुई, लेकिन खुशियां यहां भी कम नहीं दिखी। इस दौरान सडक़ों पर निकली शोभायात्रा में कलश लिए लाल रंग की चुनरी में चल रही श्रद्धालु महिलाओं के साथ ही संकीर्तन करते चल रहे श्रद्धालुओं की रामधुन से पूरा माहौल अयोध्या के रंग में बदला सा नजर आया। शोभायात्राओं में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की झांकियां हर किसी को श्रद्धा के समक्ष नतमस्तक करती रही। लंबे समय के बाद दोपहर में भी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, श्रीराम स्तुति के साथ ही हनुमान चालीस का पाठ करते भक्त नजर आए। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान लाइव प्रसारण देख रहे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्रतिष्ठित होने के साथ लगाए गए जय घोष से पूरा आसमान श्रीराम भक्तों के संग नजर आया। स्थिति यह रही कि ग्रामीण एवं शहर में ऐसा कोई भी क्षेत्र नजर नहीं आया, जहां पर श्रीराम भक्ति के संकीर्तन की गूंज न हुई हो।

हर कोई जय श्रीराम का जप करने में लगा रहा। श्रीराम की भक्ति का उत्साह ऐसा रहा कि रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों के साथ ही रास्ते में चल रहे राहगीर व भी श्रद्धालुओं के जयघोषों के साथ स्वर से स्वर मिलाते नजर आए। राम धुन की गूंज के साथ भगवान श्रीराम की भक्ति के रंग में डूबे मंदिरों में पहुंचते श्रद्धालु पूरे दिन अर्चन करते नजर आए। शाम को मंदिरों के साथ घरों एवं सार्वजनिक स्थानों, मार्गों में जले दीपक की रोशनी से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दीपोत्सव सरीखा माहौल बना रहा। बाजारों में भी यही स्थिति बनी रही। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में रंगीन बिजली झालरों से पूरा माहौल ही दीपावली के रंग बदला रहा। दुकानों पर जलते दीपकों से लगा कि दीपावली आग गई है। देर रात्रि तक जहां बाजार रंगीन रोशनी से चमकते रहे, मंदिरों से निकलती श्रीराम अर्चन की धुन हर किसी को भक्ति के रंग से सरोबार करती रही।
गलियों पर की आकर्षक विद्युत सजावट

शहर, गांव और कस्बों की गलियों में आकर्षक विद्युत सजावट की गई। घरों, प्रतिष्ठान पर लाइट लगाई गई। दीपक जलाये गए। परिवारजनों के साथ मिलकर सामूहिक सुख-समृदि्ध की कामना की गई।
मंदिरों में रही धूम

मंदिरों में अधिक उत्साह देखा गया। भक्तों ने पूजा-अर्चना की और प्रभु भक्ति में लीन रहे। दोपहर को कई मंदिरों में प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखने के लिए एलइडी और प्रोजेक्टर लगाए गए। जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर भगवान रामलला के लाइव दर्शन किए।
सरोवर के किनारों पर किया दीपदान

कई जगहों पर सरोवर के किनारों पर दीपदान किए गए। यहां सुबह से ही राम भक्त तैयारियों में जुटे रहे। किनारों पर दीपकों की लडि़यां देखते ही बनी। कुछ जगहों पर राम मंदिर के मॉडल बनाए गए। जिनमें दीपक जलाय। सामूहिक आरती की गई। इस दौरान डीजे पर बजे भजनों पर भक्त थिरकते नजर आए।
मुंह मीठा कराने की रही होड़

500 वर्ष बाद आए इस मौके पर लड़डू और मिठाई बांटकर लोगों का मुंह मीठा कराने की भी होड़ रही। इसके लिए अलग-अलग जगहों पर प्रसाद तैयार कराया गया। जो मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों को बांटा गया। इस दौरान रामभक्त युवाओं में अधिक उत्साह दिखा।
प्रभात फेरियां निकाली

सुबह निकली प्रभात फेरियों में गूंजती रामधुन के साथ कइयों के स्वर मिले तो श्रीराम भक्ति की गूंज हर ओर गूंजती रही। इसके साथ ही सड़कों पर भगवा रंग के झण्डों के साथ श्रीराम के जयघोष लगाते हुए मंदिर पहुंचते श्रद्धालुओं के दृश्य हर किसी को आस्था के रंग से डुबोते नजर आए। कई जगहों पर सार्वजनिक मार्गों एवं रास्तों पर भगवा रंग की लगी झण्डियों की शृंखला से माहौल भगवामय बना रहा।

Published on:
23 Jan 2024 04:32 pm
Also Read
View All