
पांचौड़ी. पूनाराम मेघवाल को 11 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 4 मत प्राप्त हुए। इस तरह रालोपा ने 11-4 के अंतर से प्रधान पद पर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही रालोपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। गौरतलब है कि पूना राम मेघवाल पूर्व में खींवसर प्रधान रह चुके हैं।
ग्राम पंचायत परिसर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। जीत की घोषणा के साथ ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। इसके बाद डीजे की धुन पर कार्यकर्ता और समर्थक जमकर थिरके। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। खास बात यह रही कि चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद दोनों प्रत्याशी एक दूसरे का हाथ पकड़कर साथ साथ बाहर आए।
गौरतलब है कि नवसृजित पंचायत समिति पांचौड़ी में कुल 15 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे। सदस्य संख्या के लिहाज से रालोपा के 11 और भाजपा के 4 सदस्य निर्वाचित हुए थे। प्रधान पद के चुनाव में भी यही संख्या सामने आई और रालोपा ने अपना प्रधान बनाने में सफलता हासिल की। पांचौड़ी पंचायत समिति के गठन के बाद हुए पहले प्रधान चुनाव को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला। परिणाम के बाद समर्थकों में देर तक जश्न का माहौल बना रहा।
जनता ने पार्टी व हनुमान बेनीवाल पर जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। आगामी समय में शानदार काम करती हुए पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।