बरसात से पहले नाला सफाई काम शुरू, 13 दिन में अनुबंधित एजेंसी को पूरा करना पड़ेगा कामअनुबंधित एजेंसी को 13 दिन में साफ करने पड़ेंगे 28 नाले, तभी होगा भुगतान , अब तक पांच बड़े नाले हुए साफनागौर. मानसून का समय नजदीक आने के साथ ही नगरपरिषद की ओर से शहर के प्रमुख बड़े नालों […]
बरसात से पहले नाला सफाई काम शुरू, 13 दिन में अनुबंधित एजेंसी को पूरा करना पड़ेगा काम
अनुबंधित एजेंसी को 13 दिन में साफ करने पड़ेंगे 28 नाले, तभी होगा भुगतान , अब तक पांच बड़े नाले हुए साफ
नागौर. मानसून का समय नजदीक आने के साथ ही नगरपरिषद की ओर से शहर के प्रमुख बड़े नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। कुल 28 नालों की सफाई होनी है। इनकी सफाई का जिम्मा अनुबंधित एजेंसी को दिया गया है। परिषद के अधिकारियों ने दावा किया है कि सभी नालों की सफाई इस माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी। बताते हैं कि यदि जल्द ही यह नाले पूरी तरह से साफ नहीं तो हो पाए तो फिर मानसून के दौरान स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाएगी।
निर्धारित समय में नाले करने पड़ेंगे साफ
मानसून की आहट मिलने के बाद नगरपरिषद की ओर से नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। नालों की सफाई का जिम्मा निजी एजेंसी को सौंपा गया है। निजी एजेंसी को सफाई का ठेका करीब 20 लाख में दिया गया है। पिछले साल तो नगरपरिषद ने खुद के स्तर पर ही नालों की सफाई का जिम्मा उठाया था, लेकिन इस बार नालों की बेहतर सफाई के लिए अनुबंधित एजेंसी को सफाई के लिए नाले सौंपे हैं। नालों की संपूर्ण सफाई के लिए एजेंसी के पास अब केवल 13 दिन का समय बचा है। तय समयावधि में नाला सफाई का कार्य किसी भी सूरत में पूर्ण करना होगा। नाला सफाई का कार्य की गतिविधियों पर उपखण्ड अधिकारी एवं कार्यवाहक आयुक्त गोविंद सिंह भींचर की ओर से निगरानी रखी जा रही है। ऐसे में नालों के अच्छे तरीके साफ होने की उम्मीद बढ़ी है। इसके अलावा नगरपरिषद की ओर से भी विशेष दल नाला सफाई की स्थिति का भौतिक सत्यापन करेगा। इसमें भी अलग से फोटो व वीडियोग्राफी करने के बाद सफाई की पुष्टी होने पर ही संबंधित एजेंसी को भुगतान किए की प्रक्रिया शुरू होगी।
यह नाले हुए अब तक साफ, एजेंसी को चेताया
नगरपरिषद के अनुसार पंचमुखी हनुमान मंदिर से चेनार चुंगी नाका तक, डीडवाना रोड विजयबल्लभ चौराहा से बायीं ओर, राकावत इंजीनियरिंग से व्यास कॉलोनी, आंधिया पीपल खान तक, ब्रह्मपुरी से दुलाया तक नाला, भाटी की हवेली से चम्पा तक का नाला तक का नाला साफ हो चुका है। अब शेष नालों की भी निगरानी में सफाई कराई जा रही है। परिषद के अधिकारियों का कहना है कि नालों की सफाई बारिश आने के पहले समाप्त करने को लेकर ठेकेदार को सख्ती से समझा दिया गया है कि उसे निर्धारित अवधि में इस काम को समाप्त कर देना है, नहीं तो फिर मानसून के आने पर सफाई का कार्य मुश्किल हो जाएगा। ठेकेदार को चेताने के साथ ही परिषद की ओर से सफाई का जिम्मा ठेके पर देने के बाद भी रोजाना की गतिविधियों पर निगरानी रखे जाने की व्यवस्था की गई है। इसमें सफाई होते समय एवं सफाई प्रक्रिया समाप्त होने तक की फोटो व वीडियोग्राफी कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नाला सफाई तो हर साल कराई जाती है, लेकिन सफाई के बाद भी भारी बरसात के दौरान नालो से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इससे कई जगहों पर जल प्लावन की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी लिए इस बार इसकी जांच की व्यवस्था तीन चक्रों में की गई है।
शेष बचे इन नालों की सफाई होनी है
ईदगाह के सामने कालु खां बाड़ी तक, डीडवाना रोड़ दाई ओर बड़ौदा बैंक तक, दरगाह से आदुलिया की बाड़ी के पास, राठौड़ी कुंआ टावर वाली गली से माता राम आश्रम से जैन मंदिर तक, किदवई कॉलोनी चौराह से पुलिये तक कब्रिस्तान रोड़, भाटियों के पुलिये से आदुलिया तक, बीकानेर फाटक से हरि राम हॉस्पीटल से नन्दु जी बंजारा से शकावत नंयीर तक, बीकानेर फाटक से हरि राम हॉस्पीटल से नन्दु जी बंजारा से शकावत नंदीर तक, नेहरू कॉलोनी ओडो कीह मुक्ती धाम (श्मशान) से चुटीसरा रोड तक, अलीमुदिन के घर से चुटीसरा रोड़ तक, खत्रीपुरा विद्यालय पानी की टंकी से बढ़ली रोड़, जगदीश अग्रवाल की दुकान से अदुलिया की बाड़ी तक व बलदेव जी दुकान से आदुलिया की बाड़ी तक का नाला।
नालों का मलबा भी हटाना होगा इस बार
परिषद के अनुसार नाला सफाई के बाद उसमें से निकले मलबा को भी एजेंसी ही वहां से हटवाने का कार्य करेगी। परिषद इसमें केवल सहयोग की भूमिका में रहेगी। सफाई के साथ ही इसकी भी जांच की जाएगी कि नाला सफाई कार्य के पश्चात उसका मलबा वहां से हटा की नहीं। हटने पर ही वह नाला सफाई का कार्य पूरा माना जाएगा। इसके लिए भी एजेंसी संचालक को परिषद की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं।
क्षतिग्रस्त नालों की कराई जा रही मरम्मत
नाले की सफाई का काम शुरू कराए जाने के साथ ही क्षतिग्रस्त नालों की सफाई भी कराई जा रही है। इसी क्रम में खाईं गली के बड़े नाले के टूटे कवर को पूरी तरह से मरम्मत कर दुरुस्त कर दिया गया है। इससे अब लोगों के इसमें गिरने का अंदेशा भी खत्म हो गया।
इनका कहना है…
नालों की सफाई का काम चल रहा है। मानसून आने से पहले नालों की सफाई कराए जाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। पूरी उम्मीद है कि नालों को बरसात आने के पहले ही साफ करा दिया जाएगा।
गोविंद सिंह भींचर, कार्यवाहक आयुक्त एवं उपखण्ड अधिकारी नागौर