
परबतसर पत्रिका. परबतसर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राजनीतिक गठबंधन ने जीत का समीकरण बदल दिया। कांग्रेस के समर्थन से आरएलपी के भूराराम जुणावा प्रधान चुने गए । शुक्रवार को हुए मतदान में जुणावा को 11 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रामजीवन गोदारा को 6 मतों से संतोष करना पड़ा। इस तरह जुणावा ने 5 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
प्रधान पद के लिए आरएलपी की ओर से भूराराम जुणावा ने नामांकन दाखिल किया, जबकि भाजपा ने रामजीवन गोदारा को प्रत्याशी बनाया। कांग्रेस ने चुनाव में अपना उम्मीदवार नहीं उतारा और आरएलपी प्रत्याशी को समर्थन देने का निर्णय किया। मतदान के दौरान कांग्रेस के समर्थन का असर नतीजों में नजर आया और 11 मत हासिल कर जुणावा ने प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
पंचायत समिति प्रधान चुनाव में परबतसर और पीलवा में कांग्रेस और आरएलपी के बीच राजनीतिक तालमेल देखने को मिला। दोनों दलों ने एक-दूसरे को समर्थन देकर प्रधान पद के चुनाव में भागीदारी की। परबतसर में कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा और आरएलपी को समर्थन दिया, वहीं पीलवा पंचायत समिति में आरएलपी ने प्रत्याशी नहीं उतारकर कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन दिया। इसके परिणामस्वरूप परबतसर में आरएलपी के भूराराम जुणावा और पीलवा में कांग्रेस की भंवरी देवी प्रधान निर्वाचित हुईं।
नवनिर्वाचित प्रधान भूराराम जुणावा को एसडीएम कुसुमलता चौहान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और निर्वाचन संबंधी पत्र सौंपा। जीत के बाद आरएलपी कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की और समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जश्न मनाया।
1. परबतसर में नवनिर्वाचित आरएलपी प्रधान भूराराम जुणावा को शपथ दिलाकर निर्वाचन पत्र सौंपती एसडीएम कुसुमलता चौहान।
2. परबतसर में आरएलपीका प्रधान बनने पर खुशी जाहिर करते पार्टी कार्यकर्ता।