
नागौर. जिले की 12 पंचायत समितियों में प्रधान पद को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रधान पद के लिए मुकाबले की तस्वीर सामने आ गई है। सदस्य संख्या के लिहाज से जिले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का पलड़ा सबसे भारी है। कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर है। इसके बावजूद कई पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम हो गई है। कहीं सीधा मुकाबला है तो कहीं राजनीतिक दलों को प्रधान बनाने के लिए जोड़-तोड़ का सहारा लेना पड़ सकता है। शाम पांच बजे तक चुनाव परिणाम आने के साथ ही पंचायत समितियों की नई सरकार तय हो जाएगी। मूण्डवा में आरएलपी की गठूड़ी देवी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सुरेन्द्र दौतड़ ने नामांकन भरा, लेकिन नाम वापसी के समय निर्दलीय प्रत्याशी सुरेन्द्र दौतड़ की ओर से नामांकन वापस लिए जाने पर आरएलपी की गठूड़ी देवी निर्विरोध प्रधान चुनी गई। दोपहर एक बजे औपचारिक घोषणा होगी।
नागौर में निर्दलीय सदस्य बनी मैना को कांग्रेस का समर्थन
नागौर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए आरएलपी की ओर से मंजू और कांग्रेस की ओर से मैना ने नामांकन दाखिल किया। खास बात यह है कि मैना निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर सदस्य बनी थीं, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया है। 15 सदस्यीय पंचायत समिति में आरएलपी के छह, कांग्रेस के पांच, भाजपा के दो और दो निर्दलीय सदस्य हैं। ऐसे में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।
कहीं आरएलपी-कांग्रेस तो कहीं भाजपा से सीधा मुकाबला
श्रीबालाजी-अलाय पंचायत समिति में आरएलपी से मोतीलाल नायक और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शांति ने नामांकन दाखिल किया। डेह में कांग्रेस की सुमन जनागल और निर्दलीय प्रत्याशी पूजा ने पर्चा भरा। जायल में आरएलपी की उर्मिला रतावा और कांग्रेस की सरीताचोयल ने नामांकन दाखिल किया। पांचौड़ी में आरएलपी के पूनाराम मेघवाल और भाजपा के दिनेश मेघवाल ने प्रधान पद के लिए दावेदारी पेश की। खींवसर में आरएलपी की ममता सारण का नाम सामने आया है।
मेड़ता में कांग्रेस ने नहीं उतारा प्रत्याशी
मेड़ता सिटी पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए भाजपा की वार्ड 14 की सीता चौधरी और आरएलपी की वार्ड 12 की बाबू देवी ने नामांकन दाखिल किया। यहां कांग्रेस ने प्रधान पद के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा है।
डेगाना में कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता
डेगाना पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका चौधरी ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस ने नामांकन के दौरान एकजुटता दिखाते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कुंकणा, पालिका प्रतिपक्ष नेता गिरधारी मुंडेल, कांग्रेस युवा नेता सीताराम बिंदा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष व्यास, पूर्व सरपंच मानवेन्द्र गंवलिया और जिला परिषद सदस्य देवकरण डारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
मेड़ता रोड-गोटन में आरएलपी का पलड़ा भारी
मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति में आरएलपी की बाउड़ी देवी और भाजपा की निरमा ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया। यहां सदस्य संख्या के लिहाज से आरएलपी की स्थिति मजबूत बताई जा रही है। ऐसे में भाजपा के सामने समीकरण बदलने की चुनौती होगी।
भैरूंदा और रियां बड़ी में भी मुकाबला
भैरूंदा पंचायत समिति में आरएलपी के नरेन्द्र पाल और कांग्रेस की सोहनी देवी ने नामांकन दाखिल किया। वहीं रियां बड़ी में कांग्रेस के गोविन्दकरण और आरएलपी के मदनराम गोरा ने प्रधान पद के लिए पर्चा भरा। दोनों पंचायत समितियों में आरएलपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।
जिले की पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव को लेकर अब सबकी निगाहें मतदान पर टिकी हैं। सदस्य संख्या में बढ़त के बावजूद आरएलपी के सामने अपने बहुमत को जीत में बदलने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस और भाजपा भी दूसरे दलों व निर्दलीय सदस्यों के सहारे समीकरण साधने में जुटी हैं। शाम पांच बजे तक स्पष्ट हो जाएगा कि जिले की पंचायत समितियों में किस दल का दबदबा कायम रहता है।