नागौर

साधु वेश में आए लुटेरों ने रास्ता पूछने के बहाने किसान को लूटा

- मकान निर्माण सामग्री खरीदने जा रहा था- हरियाणा नंबर की कार में आए लुटेरों ने उसे रोककर खाटू श्यामजी का रास्ता पूछा

less than 1 minute read
Dec 10, 2023
साधु वेश में आए लुटेरों ने  रास्ता पूछने के बहाने किसान को लूटा
रोल पुलिस की गिरफ्त में लुटेरे

नागौर जिले के रोल कस्बे में क्षेत्र में साधु वेश में आए दो शातिर लुटेरों ने एक किसान से ग्यारह हजार रुपए लूट लिए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खानपुर मांजरा निवासी किसान बुधाराम भाकर अपने घर से ट्रैक्टर लेकर शनिवार दोपहर मूंडवा की तरफ मकान बनाने के लिए सामान लेने जा रहा था। खंवर गांव के पास जब किसान पहुंचा तो एक हरियाणा नंबर की कार आकर किसान को हाथ देकर ट्रैक्टर रुकवाया। कार में साधु के वेश में दो जने बैठे हुए थे। उन्होंने खाटू श्यामजी जाने का रास्ता पूछा। बुधाराम ने रास्ता बताया तो उन्होंने कहा कि हम साधु हैं, हमें कुछ चाय पानी के लिए पैसे भी दे दो। किसान ने जैसे ही अपने जेब से पैसे निकालकर उन्हें पैसे देना चाहा तो लुटेरों ने झपटा मारकर हाथ में से ग्यारह हजार रुपए छीन लिए और भाग छूटे। अचानक हुए इस घटना को लेकर किसान सहम गया। फिर अपना ट्रैक्टर लेकर वापस गांव लौट आया। घर आकर किसान ने पूरी घटना परिजनों को बताई तो परिजनों ने रोल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नाकाबंदी कराई और लोगों को हरियाणा नम्बर की कार व कार में दो साधुओं की सूचना प्रसारित की गई। थोड़ी देर में लूट की घटना सोशल मीडिया पर आ गई। रोल पुलिस ने लूट की घटना की सूचना मिलते ही सभी थानों की पुलिस को अलर्ट किया। तब मूंडवा पुलिस ने कार व साधुवेश के लुटेरों की जानकारी ली। नाकाबंदी में मूंडवा के पास इन दोनों को पकड़ा और रोल पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने किसान से रुपए लूटने के मामले में प्रताप नाथ कालबेलिया (26) निवासी भिवानी हरियाणा व जानीनाथ कालबेलिया (43) निवासी गाजसर जिला चुरु को गिरफ्तार कर लिया।

Published on:
10 Dec 2023 06:27 pm