नागौर

वीडियो : नागौर जिले में 130 नए मरीजों के सैम्पल, अब तक कुल 680 सैम्पल लिए

जेएलएन राजकीय अस्पताल में गुरुवार को लिए 26 सैम्पल, लाडनूं में 54, डीडवाना में 17 तथा कुचामन में 33 सैम्पल लिए गए
2 min read
• •
Updated: 16 Apr 2020, 7:42 PM IST
Nagaur district Hospital
Nagaur district Hospital

नागौर. कोरोना वायरस की रोकथाम व बचाव को लेकर जिला प्रशासन व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई जारी है। जिले में राजकीय जेएलएन अस्पताल, नागौर सहित लाडनूं, कुचामन तथा डीडवाना के राजकीय अस्पताल में गुरूवार को आईएलआई के 130 मरीजों का सैम्पल लेने का काम जारी है।

जिला कलक्टर दिनेश कुमार यादव ने बताया कि कोरोना से संक्रमित होने की संदिग्धता को देखते हुए जिले में गुरूवार को एक ही दिन में 130 नए मरीजों के सैम्पल लिए गए। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय जेएलएन अस्पताल में गुरूवार को 26 मरीजों के सैम्पल लिए गए। इसी प्रकार लाडनूं के राजकीय अस्पताल में 54, कुचामन के राजकीय अस्पताल में 33, डीडवाना के राजकीय बांगड़ अस्पताल में 17 तथा आईएलआई मरीजों के सैम्पल लिए गए।
जिला कलक्टर ने बताया कि कोरोना से संक्रमित होने की संदिग्धता को देखते हुए अब तक 680 आईएलआई मरीजों के सैम्पल लिए गए हैं, उनमें से अब तक छह की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं 281 आईएलआई के मरीजों के रिपोर्ट नेगिटिव आई है, शेष की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।

पुराना अस्पताल में मेडिकल आउटडोर शुरू
नागौर के जेएलएन राजकीय अस्पताल को कोरोना (कोविड-19) डेडिकेटेड हॉस्पिटल बना दिए जाने से अब मेडिकल आउटडोर की व्यवस्था गुरुवार से पुराना अस्पताल (सेठ रामदेव बल्लभ पित्ती, चिकित्सालय भवन) परिसर में शुरू की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुकुमार कश्यप व इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, नागौर के अध्यक्ष डॉक्टर प्रदीप गुप्ता ने सेठ रामदेव बल्लभ पित्ती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर सेठ श्री बल्लभ रामदेव पित्ती की प्रतिमा को प्रतीकात्मक रूप से मॉस्क बनाकर यहां आने वाले मरीजों को कोरोना वायरस की रोकथाम व बचाव का संदेश दिया।

सीएमएचओ कश्यप ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार राजकीय जेएलएन अस्पताल को कोविड-19 डेडीकेटेड अस्पताल बनाए जाने के बाद नागौर शहरवासियों के लिए मेडिकल आउटडोर की सुविधा पुराना अस्पताल में दी गई है। सीएमएचओ कश्यप ने बताया कि पुराना अस्पताल में मेडिकल ओपीडी संचालित करने के लिए छह चिकित्सा अधिकारियों तथा एक फार्मासिस्ट व पैरामेडिकल स्टॉफ को नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का पुराना अस्पताल परिसर भवन को मेडिकल ओपीडी के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पुराना अस्पताल में मेडिकल ओपीडी सुविधाएं सफलता पूर्वक संचालित करने के लिए प्रभारी अधिकारी नागौर के खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेन्द्रसिंह मीणा को नियुक्त किया गया है। बीसीएमओ डॉ. महेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि पुराना अस्पताल परिसर में मेडिकल ओपीडी गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे शुरू कर दी गई। यहां मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना संचालित है वहीं आवश्यकता पडऩे पर मुख्यमंत्री नि:शुल्क जांच योजना के तहत प्रयोगशाला भी शुरू कर दी जाएगी।

Published on: