
नागौर/चौसला. मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही ग्रामीण अंचल में खानपान की पुरानी परंपराएं फिर जीवंत होने लगी हैं। सुबह-शाम की सर्दी के बीच घरों की रसोई में चूल्हे पर सिकती बाजरे की मोटी रोटी की खुशबू लोगों को पुराने दिनों की याद दिला रही है। गर्मागर्म रोटी पर देसी घी की धार और साथ में गुड़, लहसुन की चटनी, दही या छाछ का स्वाद ग्रामीण परिवारों की थाली का खास हिस्सा बन रहा है।
बदलते समय के साथ खानपान में कई तरह के बदलाव आए हैं, लेकिन सर्दियों में बाजरे की रोटी का आकर्षण आज भी कायम है। ग्रामीण क्षेत्र में बाजरा केवल अनाज नहीं, बल्कि खानपान की परंपरा और जीवनशैली का हिस्सा रहा है। ठंड बढ़ने के साथ ही घरों में गेहूं की रोटी के साथ बाजरे की रोटी भी बनने लगी है। खासकर बुजुर्गों और ग्रामीण महिलाओं में इसे लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। खेतों पर जाने से पहले सुबह और शाम काम से लौटने के बाद परिवार के लोग गर्मागर्म रोटी का आनंद लेते हैं।
बाजरे की रोटी पर देसी घी लगाकर गुड़ के साथ खाने का स्वाद अलग ही होता है। वहीं लहसुन की चटनी, हरी मिर्च, प्याज, दही और छाछ इसके जायके को और बढ़ा देते हैं। मिट्टी के चूल्हे पर बनी मोटी रोटी का स्वाद आज भी लोगों को आकर्षित करता है। सर्दियों में ग्रामीण परिवारों की भोजन की थाली में यह पारंपरिक पकवान विशेष स्थान रखता है।
पहले ग्रामीण घरों में सर्दियों के दौरान बाजरे की रोटी रोजमर्रा के भोजन का हिस्सा हुआ करती थी। समय के साथ खानपान में बदलाव आया और आधुनिक व्यंजनों का चलन बढ़ा, लेकिन सर्दियों में बाजरे की रोटी की लोकप्रियता कम नहीं हुई। अब नई पीढ़ी भी पारंपरिक देसी भोजन के स्वाद की ओर आकर्षित हो रही है। यही वजह है कि ठंड का मौसम शुरू होते ही घरों में बाजरे की रोटी बनने का सिलसिला बढ़ने लगा है।