
नागौर/डीडवाना। जियारत के लिए अजमेर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने रविवार को पत्रकार वार्ता में राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष पद के बारे में बात की, तो वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान डीडवाना में खुशी से उछल पड़े। मंत्री ने शहर में घूम घूम कर लोगों को बधाई दी। दरअसल दशकों से हिमालय के मीठे पानी की राह देख रहे डीडवाना शहर के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। इस मौके पर डीडवाना के मुख्य पम्प हाउस में मीठे पानी की जल धारा फूट पड़ी। इसी के साथ शहर में मीठे पानी को सप्लाई चालू कर दी गई।
खुशी से उछले युनूस खान
इस मौके पर इंदिरा गांधी नहर परियोजना के हेडवर्क्स से बटन दबाने के साथ ही शहरी पम्प हाउस में जैसे ही नहरी पानी पहुंचा, तभी वहां मौजूद सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान खुशी से उछल पड़े। खुशी के मारे वे मुख्य होदे पर चढ़ गए और पाइप लाइन से होदे में आते पानी की जलधारा को करीब से देखा। इसके बाद शहर के कई क्षेत्रों में मीठे पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई। इस उपलक्ष में उन्होंने मिठाई मंगवाकर जलदाय विभाग के अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का मुंह मीठा करवाया। बाद में मंत्री खान ने शहर का भ्रमन किया और लोगो को घर घर जाकर नलों में मीठा पानी आने की सूचना और बधाई दी।
मेरे जीवन का सबसे अच्छा दिन
इस मौके पर मंत्री खान ने कहा कि डीडवाना के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि जिस हिमालय के शुद्ध मीठे पानी की राह जनता दशकों से देख रही थी, वो पानी आज घर घर में पहुंच चुका है। यह पल ना केवल अविस्मरणीय है बल्कि इतिहास में भी दर्ज होगा। मेरे जीवन का भी सबसे खुशी का दिन आज है, क्योंकि मीठा पानी मिलने से लोगों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।
पानी लाना था तपस्या
खान ने कहा कि नहरी पानी लाना हमारे लिए मुद्दा नहीं बल्कि तपस्या थी, जिसमें हम सफल हुए हैं। पानी जैसे गंभीर मामले को तो मुद्दा कांग्रेस ने बनाया था। उसने ही जिले की जनता को दशकों तक नहरी पानी के नाम पर बरगलाए रखा। खान ने कहा कि यह सफलता जनता के सब्र की भी है, जिसने पानी के लिए धैर्य बनाए रखा और कभी भी धरना प्रदर्शन जैसे कदम नहीं उठाए। एमजीआर अब किसी प्रकार का जल संकट नहीं होगा और लोगों को निर्बाध और नियमित रूप से मीठा पानी मिलेगा।