
नागौर शहर के मानासर रेलवे फाटक पर बनाया गया आरओबी हादसे का ब्लैक स्पॉट बन गया है। आज यानी एक फरवरी को सुबह यहां केमिकल से भरा टेंकर असंतुलित होकर पलट गया, जिसके बाद टेंकर में भरा हजारों लीटर केमिकल बह गया। इस पुल पर पिछले एक महीने में यह दूसरी दुर्घटना है, इससे पहले 19 जनवरी को यहां मोटरसाइकिल सवार दीवार से टकरा कर नीचे गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
गुरुवार सुबह केमिकल से भरा टेंकर जोधपुर की ओर से आ रहा था, पुल में मोड़ ज्यादा होने से चालक संतुलन नहीं रख पाया और टेंकर पलट गया। गनीमत रही कि टेंकर आरओबी के ऊपर ही गिरा, यदि नीचे आ जाता तो बड़ा हादसा हो जाता। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टेंकर पुल से नीचे गिरते-गिरते बचा। हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा यातायात को डायवर्ट करवाया।
गौरतलब है कि पांच साल के लम्बे इंतजार के बाद मानासर फाटक पर बने आरओबी में इंजीनियर्स ने इतने मोड़ दे दिए कि हर वक्त हादसे की आशंका रहती है। अब तक इस पुल का औपचारिक उद्घाटन भी नहीं हुआ है, विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के दौरान पुल पर यातायात चालू कर दिया था। बार-बार हो रहे हादसों के बाद लोगों ने इसे खतरनाक पुलिया कहना शुरू कर दिया है।