नागौर

प्रताप सागर तालाब में गंदे पानी की आवक होगी बंद

प्रताप सागर तालाब में हो रही गंदे पानी की आवक का मौका देखने नगर परिषद सभापति कृपाराम सोलंकी बुधवार को तालाब पहुंचे।

2 min read
Oct 05, 2017
Nagaur News
Nagaur Patrika News

सभापति सोलंकी पहुंचे प्रताप सागर तालाब, पानी निकासी को लेकर रुडिप जेईएन से की चर्चा
नागौर. सभापति सोलंकी ने तालाब में आ रही गंदगी को रोकने के लिए आसपास के घरों का गंदा पानी सीवरेज लाइन में ही डालने को लेकर लोगों से समझाइश की। गौरतलब है कि प्रताप सागर की दुर्दशा को लेकर पत्रिका ने अभियान के तहत खबरें प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया था। इसके बाद सभापति सोलंकी बुधवार को वस्तु स्थिति देखने तालाब पहुंचे।
सीवरेज से जुड़ेगी नालियां
सभापति सोलंकी नगर परिषद के सहायक अभियंता नरेन्द्र सिंह चौधरी, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक नरेन्द्र चौधरी व पार्षदों के साथ शाम करीब चार बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने तालाब में आ रहे गंदे पानी की आवक व आसपास मकानों में रहने वाले लोगों से समझाइश की। तालाब के आसपास रहने वाले लोगों ने सोलंकी को आश्वस्त किया कि आगामी एक-दो दिनों में शौचालय व किचन के गंदे पानी का कनेक्शन सीवरेज चेम्बर से करवा लेंगे। सोलंकी ने स्पष्ट हिदायत दी कि नाली से किसी प्रकार की गंदगी तालाब में नहीं जानी चाहिए।
तो होगी कड़ी कार्रवाई
घरों से गंदे पानी की आवक को बंद करने के लिए नालियों का पानी सीवरेज से जोडऩे को लेकर उन्होंने रुडिप के कनिष्ठ अभियंता मानसिंह मीणा को मौके पर बुलाकर गंदे पानी निकासी का खाका तैयार कर काम शुरू करने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि तालाब में किसी प्रकार की गंदगी छोडऩे वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर परिषद एईएन को तालाब का गंदा पानी खाली करवाने व पास में पार्क विकसित करने को लेकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
आज लगाएंगे पम्प सेट
सभापति सोलंकी ने कहा कि तालाब खाली करने के लिए गुरुवार को पम्प सेट लगाया जाएगा। उन्होंने आसपास रहने वाले लोगों से भी तालाब के सौन्दर्यकरण के लिए आगे आने का आह्वान किया। सभापति ने तालाब के पास स्थित नगर परिषद के पुराने ढांचे को हटाने व वहा मौजूद पुराने कुएं को ढकने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद अशोक ललवानी पिंटूसा, जितेन्द्र पंवार, बड़लेश्वर व जबरेश्वर महादेव ट्रस्ट के पदाधिकारी, पवन पारीक, धनराज सैन, मूलचंद भाटी समेत अन्य उपस्थित थे।

Published on:
05 Oct 2017 02:18 pm