
जैकेट, स्वेटर से लेकर कंबल और शॉल तक की सजी रेंज, स्थानीय बाजार में 200 से 2500 रुपए तक के विकल्प; पिछले साल के मुकाबले बढ़े दाम
नागौर. मौसम में ठंडक बढऩे के साथ ही शहर के बाजारों में सर्दियों के गर्म कपड़े अब नजर आने लगे हैं। गर्म कपड़ों की दुकानों पर रंग-बिरंगे स्वेटर, जैकेट, हुडी, शॉल और कंबलों की कतारें सज गई हैं। गौरव पथ से विजयबल्लभ चौराहे तक विशेष रूप से अस्थायी सजी दुकानों में अब जैकेट, शॉल, स्वेटर आदि सजे हुए ग्राहकों केा आकर्षित करने लगे हैं। बाजार में यहां सुबह और शाम खरीदारी करने वालों की आवाजाही भी नजर आने लगी है। दुकानों पर बच्चों से लेकर महिलाओं और पुरुषों तक के लिए अलग-अलग डिजाइन और बजट के अनुसार गर्म कपड़ों के विकल्प उपलब्ध हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में सदर बाजार, अजमेरी गेट और पुराने बाजारों में भी गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए दुकानें तैयार हैं। दुकानदारों को सर्दी का असर बढऩे के साथ ही बाजार में ग्राहकी और बढऩे की उम्मीद है।
जैकेट से लेकर स्वेटर तक कई विकल्प
गौरव पथ और विजयबल्लभ चौराहे पर लगी दुकानों में इस बार गर्म कपड़ों की कई वैरायटी उपलब्ध है। बच्चों के स्वेटर 500 से 1000 रुपए, बड़ों के स्वेटर 1000 से 1500 रुपए और जैकेट 1500 से 2500 रुपए तक में मिल रही हैं। हुडी की कीमत 600 से 1000 रुपए तक है। महिलाओं के लिए शॉल 500- 1 हजार, एक हजार से से 2 हजार, और 15 सौ रुपए में मिल रही उपलब्ध हैं। गुणवत्ता के आधार पर यह राशि बढ़ भी सकती है इसी तरह सामान्य कंबल 1500 से 3000 रुपए तथा मोटे और बड़े कंबल 1200 से 2500 रुपए तक में मिल रहे हैं। कपड़े की गुणवत्ता, मोटाई और डिजाइन के अनुसार कीमतों में अंतर है। दुकानों पर हल्के गर्म कपड़ों के साथ अधिक ठंड में इस्तेमाल होने वाले मोटे कपड़ों की भी रेंज रखी गई है।
बजट के अनुसार ऑनलाइन खरीदारी के विकल्प
गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए ऑनलाइन बाजार में भी कई विकल्प उपलब्ध हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की लिस्टिंग के अनुसार सामान्य स्वेटर करीब 400 से 2000 रुपए, जैकेट 450 से 2500 रुपए और शॉल 300 से 1500 रुपए तक की रेंज में मिल रही हैं। वहीं कंबलों की कीमत करीब 600 से 2500 रुपए तक है। ब्रांड, कपड़े की गुणवत्ता और डिजाइन के अनुसार कीमतें अलग-अलग हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर समय-समय पर मिलने वाली छूट से कीमतों में बदलाव भी होता रहता है। ऐसे में खरीदार स्थानीय दुकानों और ऑनलाइन बाजार के भाव की तुलना कर खरीदारी कर रहे हैं।
पिछले साल के मुकाबले बढ़े गर्म कपड़ों के भाव
बाजार में खरीदारी करने पहुंचे मोहन, शंकरलाल, रामकुमार, पुरुषोत्तम, जितेन्द्र, महावीर और बनवारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस बार गर्म कपड़ों के भाव पिछले साल के मुकाबले ज्यादा हैं। सामान्य स्वेटर और जैकेट खरीदने में भी पहले से अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। खरीदारों के अनुसार कई कपड़ों में 100 से 200 रुपए तक का अंतर महसूस हो रहा है। परिवार के सभी सदस्यों के लिए गर्म कपड़े खरीदने पर बजट भी बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि सर्दी बढऩे के साथ खरीदारी जरूरी है, लेकिन महंगाई के कारण कपड़ों की कीमत देखकर ही खरीदारी करनी पड़ रही है। बाजार में अभी शुरुआती ग्राहकी है, लेकिन तापमान में गिरावट के साथ बच्चों और बुजुर्गों के गर्म कपड़ों की मांग बढऩे की संभावना है।