
जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय में आर्हत वाङ्मय में तत्त्व मीमांसा एवं अहिंसा दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन आचार्य महाश्रमण के सान्निध्य में किया गया। पांच सत्रों में सम्पन्न संगोष्ठी में गहन शास्त्रीय विमर्श किया गया।
आचार्य महाश्रमण ने अपने मंगल उद्बोधन में जैन आगम साहित्य में प्रतिपादित अहिंसा के गहन स्वरूप एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला।इसे भारतीय दर्शन की विशिष्ट जीवन दृष्टि बताया। उन्होंने कहा कि अहिंसा आत्मकल्याण, सामाजिक सद्भाव और विश्वशांति का आधार है। आर्हत वाड़मय में यह सब निहित है। उन्होंने इसे वैश्विक समस्याओं का समाधान बताते हुए प्रेरित किया कि इसके सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाया जाना चाहिए।
संगोष्ठी की अध्यक्षता जयपुर की प्रख्यात विदुषी प्रो. सुषमा सिंघवी ने की। मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर के जैन दर्शन विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. श्रेयांश कुमार सिंघई रहे। जैन दर्शन एवं तुलनात्मक धर्म तथा दर्शन विभाग की पूर्व अध्यक्षा प्रो. समणी ऋजु प्रज्ञा, जैन दर्शन की युवा विदुषी डॉ. श्रुति जैन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।
प्रो. सिंघवी ने कहा कि जैन दर्शन में तत्त्व मीमांसा केवल सैद्धांतिक चिंतन नहीं है, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने वाली ज्ञान परंपरा है। जीव, अजीव, कर्म, बंध, संवर एवं निर्जरा जैसे तत्त्वों का सम्यक् ज्ञान व्यक्ति को आत्मानुशासन और नैतिक जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि अहिंसा का व्यापक दृष्टिकोण आज के संघर्षपूर्ण वैश्विक परिवेश में अत्यंत प्रासंगिक है।
मुख्य अतिथि सिंघई ने जैन आगमों में प्रतिपादित तत्त्वचिंतन, अनेकांतवाद और अहिंसा के पारस्परिक संबंध को महत्वपूर्ण बताया। समणी ऋजु प्रज्ञा ने बताया कि अहिंसा केवल शारीरिक हिंसा का निषेध नहीं, बल्कि विचार, वाणी और व्यवहार की पवित्रता से जुड़ा व्यापक जीवन मूल्य है। विशिष्ट अतिथि डॉ. जैन ने जैन दर्शन में अहिंसा की अवधारणा के व्यावहारिक पक्ष को रेखांकित किया।
राष्ट्रीय संगोष्ठी के सत्रों में दार्शनिक, आध्यात्मिक, शास्त्रीय एवं समकालीन आयामों पर विद्वानों ने अपने शोधपरक विचार प्रस्तुत किए। जैन विद्या एवं तुलनात्मक धर्म तथा दर्शन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रामदेव साहू ने विभाग का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विभाग की शैक्षणिक, शोधपरक एवं अकादमिक गतिविधियों की जानकारी दी।