मुनि योग श्रमण विजय के सान्निध्य में तीन दिवसीय अनुष्ठान शुरू
नागौर. महासरस्वती की समवेत सुरों में आराधना, गूंजते मंत्रोच्चार, भक्ति भरे भजनों की स्वर लहरियों से मां का आह्वान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला सोमवार को बोरावाड़ी उपाश्रय में शुरू हुए तीन दिवसीय महासरस्वती साधना अनुष्ठान में। श्री जैन श्वेताम्बर तपागच्छ की ओर से मुनि योग श्रमण विजय के सान्निध्य में शुरू हुए तीन अनुष्ठान के प्रथम दिन साध्वी शील वद्र्धना श्रीजी के सान्निध्य में मां का जाप व आह्वान किया गया। इस मौके पर संत योग श्रमण ने कहा कि पुस्तकों में दुनियाभर के मंत्र हैं, लेकिन बिना गुरू की आज्ञा और निर्देश के किसी भी मंत्र का उच्चारण व साधना नहीं करनी चाहिए। मंत्रों में इतनी शक्ति होती है कि वो जीव का कल्याण कर देते हैं। मंत्र ईष्ट और साधना के लिए होने चाहिए। संत ने कहा कि असंख्य आत्माएं संसार में आती हैं, लेकिन मां के आशीर्वाद से ही कल्याण संभव है। कार्यक्रम में दिल्ली के संगीतकार अजीत गोलच्छा व नागौर के श्रेयांस सिंघवी ने भक्ति की। भक्ति में ऑर्गन पर कुंदन परिहार, वायलीन पर रमेश कण्डारा, तबले पर राकेश ने संगत की। इस मौके पर छीमू ललवानी, महावीर बांठिया, स्वदेश बांठिया, भुवनेश बोथरा आदि मौजूद थे।
भगवान गणेश को लगाया भोग
नागौर. शहर के तुलसी चौक स्थित गणेश मंदिर में सोमवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणेश बाल संघ के अध्यक्ष शांतिलाल गोयल ने बताया कि शाम ६ बजे भगवान गणेश की आरती की गई। इसके बाद भगवान को ५६ भोग लगाकर प्रसादी कार्यक्रम शुरू किया गया। काफी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रसादी ग्रहण किया। इस मौके पर मंदिर की विशेष सजावट की गई । रात्रि में जोधपुर व नागौर के गायक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर मुरली मनोहर लोहिया, दुर्गाशंकर बजाज, संतोष जोशी, छित्तरमल, मुरली मून्दड़ा, कमल, सुरेश, गिरीराज आसोपा, राधेश्याम पित्ती, ललित पाराशर आदि ने सहयोग किया।
झूलेलाल व हनुमान मंदिर में अन्नकूट आज
हनुमान बाग स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार को मंदिर ट्रस्ट की ओर से अन्नकूट महोत्सव व सम्मान समारोह भीकमचंद शर्मा की अध्यक्षता में मनाया जाएगा। ट्रस्ट के मंत्री मदनसिंह सोलंकी ने बताया कि शाम पांच बजे आरती के बाद अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी प्रकार शहर के संजय कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में मंगलवार को शाम सवा 7 बजे अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। शाम को महाआरती के बाद भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।