
दिनेश कुमार स्वामी @ नागौर। शहरों और गांवों की जीवनरेखा माने जाने वाले पारंपरिक जलस्रोत्र व तालाब अब प्रदूषण के गंभीर खतरे से घिरे नजर आ रहे हैं। इनके पानी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच में कई विषैले रसायनों के घुले होने का खुलासा हुआ है। नागौर शहर के प्रतापसागर तालाब के पानी का पीएच स्तर 12 के खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। शहर व गांवों के कुल 28 तालाबों के पानी की जांच में ऑक्लोरिनेटेड पेस्टीसाइड के अवशेष मिले होने गंभीर खतरे का अलार्म हैं।
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के सहयोग से राजकीय डूंगर कॉलेज बीकानेर की प्रोफेसर डॉ. ममता शर्मा ने नागौर जिले के जल स्रोतों पर वैज्ञानिक पद्धति से शोध किया है। इसमें यहां के जलस्रोतों के पानी के नमूनों में ऑक्लोरिनेटेड पेस्टीसाइड का चिंताजनक स्तर पाया गया।
अलवर स्थित पर्यावरण विष विज्ञान प्रयोगशाला में किए नागौर जिले के जल नमूनों के विश्लेषण से पता चला कि नल, हैंडपंप और तालाबों आदि जल स्रोतों में कीटनाशक के अवशेष विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के निर्धारित सुरक्षा सीमाओं से ज्यादा हैं। शहरी क्षेत्र के तालाबों की स्थिति ग्रामीण क्षेत्र के तालाबों की तुलना में ज्यादा खराब है।
जल गुणवत्ता रिपोर्ट के अनुसार नागौर के प्रतापसागर तालाब के पानी का पीएच स्तर 12 सामने आया। प्रतापसागर में घुलित ऑक्सीजन (डीओ) 3 पीपीएम और टर्बिडिटी 70 जेटीयू दर्ज की गई। जड़ा तालाब में पीएच 6.1 रहा। गिनाणी तालाब में टर्बिडिटी 60 जेटीयू और समस तालाब में 55 जेटीयू रही। 28 जलस्रोतों के नमूनों में टर्बिडिटी 39 से 70 जेटीयू और घुलित ऑक्सीजन 3 से 4.3 पीपीएम के बीच पाई गई। जांच में अल्फा बीएचसी, बीटा बीएचसी, डेल्टा बीएचसी, हेप्टाक्लोर, गामा क्लोरडेन, अल्फा क्लोरडेन, एंडोसल्फान-1, एंडोसल्फान-2, एंड्रिन, एंड्रिन कीटोन और मेथॉक्सीक्लोर जैसे खतरनाक रसायन जल में होने का पता चला।
एमजीएसयू के पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थी नरेंद्र प्रजापत ने जिले में 28 जल स्रोतों से पानी के नमूने संकलित किए। इनमें नागौर के प्रतापसागर, बख्तसागर, गिनाणी, जड़ा तालाब, लालसागर, समस, जाजोलाई, शक्कर तालाब। गांव फागली, अमरपुरा, मालगांव, गुड़ला, चूंटीसरा, अठियासन, ताऊसर, ताऊसर रोड, जीवनबेरा, कंवलीसर, बासनी बेलीमा, कुम्हारी, बसवानी, अर्जुनपुरा के तालाब। खींवसर व मेड़ता सिटी कस्बे के जलस्रोत, टांकला, बरणगांव, गोवा खुर्द और सिंघाणी से जल नमूने लिए गए।
पर्यावरण विशेषज्ञ प्रो. अनिल कुमार छंगाणी के अनुसार तालाब के अंगोर यानी उस जलग्रहण क्षेत्र को बचाना सबसे जरूरी है। यहां से बारिश का पानी बहकर तालाब तक पहुंचता है। अंगोर पर अतिक्रमण, कचरा, सीवरेज निकासी और आस-पास कीटनाशकों के उपयोग पर सख्ती से रोक लगानी होगी। तालाबों की नियमित सफाई भी जरूरी है।