नागौर

नागौर में दर्दनाक हादसा : होली मिलने जा रहे युवकों पर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, दो युवकों की हुई मौत, गांव में छाया मातम

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में नमक ओवरलोड लदा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उनके ऊपर ट्रॉली पलट गई।

2 min read
Mar 04, 2026
अस्पताल में मौजूद परिजन (फोटो-पत्रिका)

नागौर। जिले के नावां उपखंड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्राम जब्दीनगर के पास नमक से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जब्दीनगर निवासी राधेश्याम (45) पुत्र पुरणमल, जो पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थे, और उनके मित्र शंकरलाल (43) पुत्र मन्नालाल, जो नमक झील में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे, बुधवार सुबह बाइक से नजदीकी गांव राजास जा रहे थे। होली के अवसर पर दोनों एक परिचित से मिलने निकले थे। गांव से निकलते ही सामने से आ रहे नमक से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

ये भी पढ़ें

धौलपुर में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, होली खेलकर लौट रहे थे घर

ओवर लोड थी ट्रैक्टर ट्रॉली

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में नमक अत्यधिक मात्रा में भरा हुआ था। सामने बाइक को देखकर चालक घबरा गया और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और असंतुलित ट्रॉली पलटकर उनके ऊपर जा गिरी। दोनों युवक ट्रॉली के नीचे दब गए।

एंबुलेंस सो दोनों को अस्पताल ले जाया गया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस चालक मूलसिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को नावां उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना पर नावां पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस के अनुसार परिजन विनोद कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में मातम का माहौल

त्योहार के बीच हुई इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। राधेश्याम के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं शंकरलाल अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे 13 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा है। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: होली की खुशियां मातम में बदली, गांव जा रही महिला की बाइक से गिरकर दर्दनाक मौत

Updated on:
04 Mar 2026 05:27 pm
Published on:
04 Mar 2026 05:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर