नागौर

दर्दनाक हादसाः दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत, दो लोगों की मौत, 8 घायल

अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर तड़के तीन बजे के करीब लांछ की ढाणी के पास दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में वृद्धा सहित दो लोगों की मौत हो गई, वहीं आठ जने घायल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2023, 6:38 PM IST
two persons died in road accident in nagaur

मेड़ता सिटी. (नागौर)। अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर तड़के तीन बजे के करीब लांछ की ढाणी के पास दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में वृद्धा सहित दो लोगों की मौत हो गई, वहीं आठ जने घायल हो गए। सात गम्भीर घायलों का अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार एक गाड़ी मेड़ता की तरफ से आ रही और कैंपर वाहन रेण की तरफ से। इस दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। गाड़ी में सवार सभी दस लोग सवाईमाधोपुर से नागौर जिले के बुटाटी धाम लकवा पीडि़त वृद्धा को फेरी लगवाने जा रहे थे। जबकि कैंपर पाली जिले की बताई जा रही है। कैंपर में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी। वे लोग मौके से फरार हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर जमा लोगों और वाहन चालकों ने बोलेरो में सवार लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस 108 से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रैफर कर दिया।

इन दो लोगों की हुई मौत
हादसे में सवाईमाधोपुर निवासी स्वरूपी (80) पत्नी नाथूलाल मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वृद्धा को लकवा हुआ था और परिवार के लोग उसे फेरी लगवाने बुटाटी धाम आ रहे थे। जबकि बामणवास निवासी चंद्रप्रकाश (40) पुत्र गिरीराज बैरवा की अजमेर में उपचार के दौरान मौत हुई है।

ये हुए घायल
हादसे में सवाईमाधोपुर निवासी कैलाश (50) पुत्र नारायणराम मेघवाल, हेमराज (35) पुत्र नाथूराम, भेरालाल (60) पुत्र नारायणराम मेघवाल, मुकेश (30) पुत्र हरफूल, आध्यता (45) पत्नी रामदयाल, करौली निवासी बाबूलाल (30) पुत्र क्षमालाल मेघवाल और उसका भाई रामदयाल (45) पुत्र क्षमालाल मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में उपचार चल रहा है। गंगापुर-गीतोली निवासी कानाराम (45) पुत्र गंगाराम मेड़ता में उपचारत है।

थाने में मामला दर्ज
मृतका के पुत्र घायल हेमराज ने कैंपर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करवाया है। वृद्धा के शव का मेड़ता सीएचसी व चंद्रप्रकाश का शव अजमेर अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे।

Published on: