
नागौर. खींवसर पंचायत समिति के ग्राम पंचायत कांटिया के उप सरपंच रामुराम ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कांटिया पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) द्वारा नियमों की अवहेलना कर लोकार्पण पट्टिका में नाम लिखवाने व वाहन की नम्बर प्लेट पर लाल पट्टी लिखवाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में लिखा है कि ग्राम सेवक पिछले 22 साल से ग्राम पंचायत कांटिया में कार्यरत है। गांव में किए गए विकास कार्यों के लोकार्पण की नाम पट्टिा में ग्राम विकास अधिकारी ने अपना नाम लिखवाया है, जबकि नियमानुसार ग्राम विकास अधिकारी नाम दर्ज नहीं करवा सकता।
पहले किया जा चुका निलंबित
ज्ञापन में लिखा है कि ग्राम विकास अधिकारी का 22 साल में एक बार भी स्थानांतरण नहीं हुआ है। इसलिए वह ग्राम पंचायत में मनमर्जी से काम कर रहा है तथा सरपंच व उप सरपंच की भी नहीं सुनता। ग्राम विकास अधिकारी को पूर्व में नारवा ग्राम पंचायत का चार्ज रहने के दौरान घोटाला करने पर निलंबित किया गया था लेकिन उसे फिर से उसी ग्राम पंचायत का चार्ज दे दिया गया। ग्रामीणों की ओर से 181 पर उसके विरुद्ध करीब 50 शिकायतें दर्ज करवाई जा चुकी है। उप सरपंच रामुराम ने ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई कर उसका स्थानांतरण खींवसर पंचायत समिति से बाहर करने की मांग की है।
मामले की जांच करवाएंगे
इस संबंध में मिली शिकायत की जांच करवाकर ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई करेंगे।
जवाहर चौधरी, सीईओ, जिला परिषद नागौर