
पादूकलां/नागौर. अजमेर-बीकानेर 89 बायपास पर बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे चलती बाइक में जोरदार विस्फोट हो गया। जिससे युवक के चिथड़े उड़ गए। तेज धमाके के दौरान बाइक व युवक के शरीर के हिस्से दूर तक बिखर गए। विस्फोट के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस का मानना है कि युवक के पास विस्फोटक सामग्री थी। युवक विस्फोटक सामग्री की सप्लाई का काम करता था।
सूचना मिलने पर पादूकलां थानाधिकारी जगनलाल मीणा, थांवला थानाधिकारी महावीरसिंह, डेगाना थानाधिकारी रामवीर,डेगाना पुलिस उपाधीक्षक अंतरसिंह श्योरान घटनास्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद ही नागौर एसपी परिस देशमुख व नागौर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच गई। एफएसएल टीम के प्रभारी रामावतार प्रजापत व जयनारायण प्रजापत ने तथ्य जुटाए। एसपी परिस देशमुख ने बताया कि मृतक की शिनाख्त जोधपुर निवासी मुबारक (47) पुत्र सुबान खां के रूप में हुई है।
जयपुर से विस्फोटक पदार्थ विशेषज्ञ टीम ने घटना से जुड़े तथ्य जुटाए। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुबारक बाइक से चोरी-छिपे विस्फोटक सामग्री का धंधा करता था। एक बारगी तो लोग बम की अफवाह को लेकर दहशत में आ गए। हाईवे पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस ने लोगों से अफवाह नहीं फैलाने की अपील भी की। पुलिस ने थोड़ी देर तक बायपास को बंद कर दिया।
मृतक मुबारक का पोस्टमार्टम गवारड़ी पीएचसी के डॉण् चेनारामए थांवला पीएचसी के डॉ कृष्णकांत व बग्गड़ पीएचसी के डॉ मनीष की टीम ने किया। मृतक के खिलाफ 2012 में झंवर थाने ने विस्फोटक रखने का मामला दर्ज है। वह झंवर में किराने की दुकान चलाता था तथा बुधवार को घरवालों को दरगाह जाने की बात कहकर घर से निकला था।
जांच में होगा खुलासा
मृतक की शिनाख्त उसके पास मिली डायरी में लिखे मोबाइल नम्बर से हो पाई। प्रारंभिक जांच में मामला विस्फोटक पदार्थ से जुड़ा हुआ लग रहा है। मुबारक चोरी-छिपे विस्फोटक सामग्री का धंधा करता था। असलियत क्या है, यह जांच में ही खुलासा हो पाएगा। मुबारक घर से मंगलवार को ही निकल गया था।
- परिस देशमुख, एसपी नागौर