
नागौर. राजस्थान राज्य सेवारत चिकित्सक संघ के बैनर तले सोमवार को अचानक डॉक्टरों के सामूहिक अवकाश पर चले जाने से सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्स्था पूरी तरह चरमरा गई। राजस्थान के नागौर जिला मुख्यालय पर दुर्घटना में घायल होकर पहुंची एक महिला की उपचार के अभाव में मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
33 सूत्री मांगों को लेकर पिछले काफी समय से संघर्ष कर रहे राज्य सेवारत चिकित्सक संघ ने गत माह की 31 तारीख को डॉक्टरों के सामूहिक अवकाश पर जाने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद राज्य सरकार ने 15 दिन का समय मांगते हुए सकारात्मक हल निकालने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर डॉक्टर सोमवार को अचानक सामूहिक अवकाश पर चले गए। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों नहीं होने से एक ओर जहां मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं दुर्घटनाओं में घायल होकर पहुंचे लोगों को देखने वाला कोई नहीं था।
फोन पर पूछते रहे क्या करूं
नागौर जिला मुख्यालय की स्थिति यह थी कि चिकित्सा विभाग ने 10 आयुर्वेद चिकित्सकों को व्यवस्थार्थ कुर्सियों पर बैठा दिया, लेकिन उन्हें उपचार की जानकारी नहीं होने के कारण वे फोन पर ये पूछते नजर आए कि अब क्या करूं। अस्पताल पीएमओ डॉ. अपूर्व कौशिक ने बताया कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है, 10 आयुर्वेद चिकित्सकों को लगाया गया है।
सुबह-सुबह तीन दुर्घटनाएं, एक की मौत
सोमवार सुबह-सुबह जिले में तीन सड़क दुर्घटनाएं हो गईं, जिसमें आधा दर्जन से अधिक घायल हो गए। घायलों को स्थानीय चिकित्सा केन्द्रों से नागौर लाया गया, लेकिन यहां भी डॉक्टर नहीं होने पर परिजनों को निराश होकर हायर सेंटर जाना पड़ा। इस दौरान एक महिला की उपचार के अभाव में अस्पताल में ही मौत हो गई।
अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार बड़ी खाटू के पास हुई दुर्घटना में ताराचंद (25) पुत्र मंगतूराम बणजारा, मनोज कुमार (20) पुत्र गिरधारी बणजारा घायल हो गए, जिन्हें खाटू से नागौर लाया गया, लेकिन यहां भी उन्हें उपचार नहीं मिला। एक अन्य दुर्घटना में सदर थाना क्षेत्र के सालवा निवासी सूरजमल (40) पुत्र पन्नालाल माली घायल हो गया। जिसे भी गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया।
इसी प्रकार लाडनूं थाना क्षेत्र के हुड़ास व कानूता के बीच मोटरसाइकिल सवार एक महिला सहित तीन जनों को कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना में हुड़ास निवासी लिछमनराम (66) पुत्र नारायणराम नाई, भंवरीदेवी (60) पत्नी लिछमनराम एवं सूरजमल (25) पुत्र लिछमनराम घायल हो गए। तीनों घायलों को नागौर लाया गया, जहां उपचार के अभाव में भंवरी देवी की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।