
पाइप लाइन में रिसाव के कारण आ रहा मटमेला व गंदा पानी
नागौर. राजस्थान के नागौर जिला मुख्यालय पर शहरी जलप्रदाय विभाग की लापरवाही से शहर में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। शहर के बाजरवाड़ा क्षेत्र में गत एक माह से दूषित व गंदा पानी पहुंच रहा है। वार्ड के लोगों का कहना है कि पाइप लाइन में रिसाव के कारण मटमेला व गंदा पानी आ रहा है। बार-बार कहने के बावजूद कर्मचारी लाइन ठीक करने को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे। अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही का खमियाजा शहरवासी बीमार होकर भुगत रहे हैं। गौरतलब है कि शहर के प्रताप सागर तालाब के पास गत दिनों डेंगू के मरीजों के परिजनों ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपा था।
अधिकारी कर रहे अनदेखी
शहर के बाजरवाड़ा क्षेत्र के बड़ी मस्जिद की गली के लोगों का कहना है कि पानी की सप्लाई करने वाले व्यक्ति को मौके पर बुलाकर पानी के सैम्पल दिखाया लेकिन उसने कह दिया कि उच्चाधिकारियों को बताओ। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार अवगत करवा चुके हैं लेकिन वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। दूषित व बदबूदार पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। कई बार तो ऐसा पानी आता है कि पीना तो दूर बर्तन व कपड़े धोने में भी काम नहीं ले सकते।
ठीक नहीं हो रहे लीकेज
शहर में बदबूदार, गंदा व मटमैला पानी आने से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। शहर के गाजी खाडा ए रोड, खाई की गली, मिश्रावाड़ी, ऑफिसर्स कॉलोनी, कुम्हारी दरवाजा क्षेत्र पानी की लाइनें पुरानी है तो कहीं पर पेयजल आपूर्ति लाइनों के नालों से गुजरने की शिकायतें है। ऐसे में दूषित पानी आने की शिकायतें आम है। पिछले कुछ महीनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में गंदा पानी आने की समस्या के बावजूद अधिकारी लाइनों की जांच करवाकर लीकेज दुरस्त नहीं करवा रहे हैं।