नागौर

विद्या संबल के शिक्षकों को हटाया तो नागौर की 10 कॉलेजों के लग गए ताले

प्रदेश में 310 कॉलेजों से करीब 1100 विद्या संबल के शिक्षकों का समय पूरा होने पर हटाया- द्वितीय सेमेस्टर शुरू होने से पूर्व ही खाली हो गए कॉलेज, अब विद्यार्थियों को पढ़ाने वाला कोई नहीं- नई शिक्षा नीति की उड़ रही धज्जियां
3 min read
• •
Updated: 6 Mar 2024, 9:30 AM IST
नागौर जिले के खजवाना की सरकारी कॉलेज पर लगा ताला
नागौर जिले के खजवाना की सरकारी कॉलेज पर लगा ताला

नागौर. प्रदेश में राजस्थान कॉलेज एजुकेशन सोसायटी के अधीन संचालित सरकारी कॉलेजों में पढ़ाने के लिए विद्या संबल योजना के तहत लगाए गए शिक्षकों को गत माह हटा दिया। ऐसे में नागौर सहित प्रदेश के कई कॉलेजों पर ताले लग गए हैं। यहां न तो शिक्षक हैं, न ही प्राचार्य है और न ही कोई कर्मचारी है, जो ताला खोल सके। ऐसे में बड़ा सवाल यह है प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का दूसरा सेमेस्टर शुरू हो चुका है, लेकिन पढ़ाने वाला कोई नहीं है। सरकार ने नई शिक्षा नीति-2020 लागू तो करवा दी, लेकिन ढर्रा अभी तक पुराना ही चल रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विद्या संबल के माध्यम से प्रदेश के 310 से अधिक कॉलेजों में विद्या संबल योजना के तहत लगे करीब 1100 शिक्षक अध्यापन का कार्य कर रहे थे। हालांकि धरातल पर इन कॉलेजों 4 हजार से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने नागौर सहित प्रदेश में सैकड़ों नए कॉलेज खोलकर खूब वाह-वाही लूटी, लेकिन अब इन कॉलेजों में कुछ पर ताले लटक रहे हैं, जबकि कुछ में केवल ताले ही खुल रहे हैं, पढ़ाने वाला कोई नहीं है। पिछले दो साल से इन कॉलेजों में विद्या संबल के माध्यम से लगे शिक्षक शिक्षण व्यवस्था संभाल रहे थे, जिन्हें फरवरी के अंत में कार्यमुक्त कर दिया, जिससे के बाद शिक्षक भी बेरोजगार हो गए और विद्यार्थी भी शिक्षकों का इंतजार कर रहे हैं।

नागौर में 17 कॉलेज राजसेस की, 10 पर ताले
नागौर जिले (डीडवाना-कुचामन सहित) में कुल 28 कॉलेज हैं, जिनमें 17 कॉलेज राजसेस से संचालित हैं। इनमें 10 कॉलेज ऐसी हैं, जिनमें ताला खोलने के लिए भी कोई नहीं है, यानी 10 कॉलेज पर वर्तमान में ताले लटके हैं। शेष 7 में से 4 कॉलेज ऐसी हैं, जहां केवल प्राचार्य ही लगे हैं। दो कृषि कॉलेज मौलासर व नावां में एक-दो जने प्रतिनियुक्ति पर लगे हैं।

दूसरा सेमेस्टर शुरू, लेकिन पढ़ाने वाला नहीं
प्रदेश में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्याल अजमेर, राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर, शेखावाटी विश्वविद्यालय आदि में एक मार्च से नई शिक्षा नीति के तहत द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू हो गई है, लेकिन राजसेस की कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षक नहीं है। कुछेक कॉलेज हैं, जहां एक-दो व्याख्याता लगे हुए हैं। गौरतलब है कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा जून में माह में संभावित है, ऐसे में यह भी बड़ा सवाल है कि पाठ्यक्रंम कैसे पूरा होगा। विद्यार्थी अपने भविष्य की परीक्षाओं को लेकर चिंतित हैं, लेकिन आयुक्तालय के अधिकारी नींद में है।

इस आधार पर लगाया जाता है विद्या संबल में
राज्य सरकार की ओर से बजट सत्र 2021-22 में कॉलेजों की शैक्षणिक व्यवस्था के लिए ने विद्या संबल योजना शुरू की। इसके माध्यम से पिछले दो वर्षों में उच्च शिक्षित अनुभवी योग्यताधारी नेट, सेट, पीएचडी, 10 वर्षों का शैक्षणिक अनुभव, विषय विशेषज्ञों को अस्थाई तौर नियुक्ति दी गई। वर्ष 2023-24 सत्र में विद्या संबल योजना से लगाए गए सहायक आचार्यों को 28 फरवरी 2023 को मौखिक आदेश से हटा दिया गया। हालांकि ऐसा हर साल हो रहा है। लेकिन इस सत्र में सेमेस्टर व्यवस्था लागू होने के कारण अभी 50 फीसदी पाठ्यक्रम बाकि है, यानि द्वितीय सेमेस्टर पूरा ही शेष रह गया है।

बिना शिक्षक कैसे होगी पढ़ाई
सरकार ने इस सत्र से नई शिक्षा नीति-2020 को लागू किया था, जिसमें सेमेस्टर सिस्टम है। सेमेस्टर सिस्टम में परीक्षा के अतिरिक्त लगातार कक्षाएं लगनी चाहिए तथा इंटर्नल परीक्षा का भी प्रावधान है, जो कि बिना फैकल्टी के संभव नहीं है। इसलिए राज्य सरकार को विद्या संबल सहायक आचार्यों को विस्तार देना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का नुकसान नहीं हो। साथ ही बार-बार विद्या सम्बल की नियुक्ति की बजाय उन्हें वार्षिक अनुबंध व मासिक वेतन पर रखा जाना चाहिए, ताकि शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न नहीं हो।
- डॉ. रवीन्द्रसिंह यादव, प्रतिनिधि, सहायक आचार्य, विद्या संबल योजना

Published on: