नागौर

नागौर न्यूज: सड़क पर पैदल जा रही महिला पर चढ़ी बेकाबू क्रेन, इलाज के दौरान मौत

नागौर जिले के डीडवाना में पुलिस थाना रोड पर क्रेन की चपेट में आने से 57 वर्षीय जुबेदा बानो की मौत हो गई। हादसा CCTV में कैद हुआ। पुलिस ने क्रेन चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त किया।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
woman hit by out of control crane dies
मृतका जुबेदा (पत्रिका फोटो)

डीडवाना (नागौर): डीडवाना शहर के पुलिस थाना रोड स्थित खंडेलवाल भवन के सामने सोमवार को सड़क हादसे में 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब खिचियाबासनी निवासी जुबेदा पत्नी जब्बार सड़क से पैदल गुजर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही क्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसा सीसीटीवी में कैद

हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। फुटेज के अनुसार, क्रेन के आगे बंधी ट्रॉली से महिला के सिर में टक्कर लगी। टक्कर लगते ही जुबेदा सड़क पर गिर गईं और इसके बाद क्रेन के पहियों के नीचे आ गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना स्थल पर मौजूद लोग

इलाज के दौरान मौत

सूचना मिलने पर डीडवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के भतीजे खिचियाबासनी निवासी शकील ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है।

करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि महिला क्रेन के टायर के नीचे फंस गईं। आरोप है कि क्रेन चालक ने तत्काल वाहन नहीं रोका, जिसके चलते महिला सड़क पर करीब 20 फीट तक घिसटती चली गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

क्रेन, जिससे महिला की कुचलकर हुई मौत

क्रेन चालक हिरासत में, वाहन जब्त

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने क्रेन चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। चालक से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लिया है। फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर धरना

हादसे के बाद मृतका के परिजन और अन्य लोग अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 50 लाख रुपए की सहायता राशि, मृतका के परिजन को सरकारी नौकरी देने और शहर में व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित अन्य मांगें रखीं। समाचार लिखे जाने तक परिजनों का धरना जारी था।

Updated on:
05 Oct 2026 07:41 pm
Published on:
05 Oct 2026 07:38 pm