
नागौर.
प्रदेश के सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री यूनुस खान ने नागौर में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर हमला बोला। मंत्री खान ने कहा कि हमारी सरकार पर आरोप लगाने वाले गहलोत की पांच साल में विधानसभा में कुल जमा 8 हाजरी है। उनमें भी उन्होंने एक बार भी खड़े होकर गांव के लिए, गरीब के लिए, किसान के लिए, युवा के लिए या राजस्थान के लिए नहीं बोला। खान ने कहा कि गहलोत ने जयपुर में पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार कोई काम नहीं कर रही है और राजस्थान को अधिकारी चला रहे हैं। मुख्यमंत्री का कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि आज गहलोत व सचिन पायलट कह रहे हैं कि वे सत्ता में आएंगे और अफसरों को जेल भेज देंगे।
वे खुद प्रवासी हैं..
यूनुस खान ने कहा कि गहलोत जैसे अनुभवी व्यक्ति यदि ऐसा कहते हैं तो यह दुर्भाग्य है कांग्रेस का। खुद गहलोत को अपने अंदर झांकना चाहिए, मैं ये आरोप लगाता हूं कि वे खुद प्रवासी हैं। वे राजस्थान में बोलने की बजाय दिल्ली में बैठकर राजस्थान के बारे में उल्टा-सीधा बोलते हैं। मंत्री ने गहलोत से कहा कि यदि उनको अखबार और टीवी का इतना ही शौक है तो आज जाइए और कीजिए बहस, हम तैयार हैं। पांच वर्षों में इस सरकार के खिलाफ आप एक भी मुद्दा ढंग से रख नहीं पाए। गहलोत इतने दिन प्रवासी राजस्थानी थे और दिल्ली में बैठकर अपनी गोटियां सेट कर रहे थे।
जनता के हित की बात उठाते नहीं सुना..
मंत्री ने आरोप लगाया कि वे 10 साल तक विधानसभा सदस्य रह चुके हैं, लेकिन 10 सालों में अशोक गहलोत को आज तक किसी भी बैठक में जनता के हित की बात उठाते नहीं सुना।
हम देंगे भामाशाह स्वास्थ्य बीमा का पैसा
भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत निजी अस्पतालों को भुगतान करने वाली बीमा कम्पनी द्वारा मना करने के सवाल पर मंत्री खान ने कहा कि भामाशाह बीमा योजना में लाखों लोगों का नि:शुल्क उपचार हुआ है और करोड़ों रुपए का भुगतान सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी अस्पताल का भुगतान नहीं रोका जाएगा और इसे किसी भी सूरत में बंद नहीं होने दिया जाएगा और यह सरकार का काम है कि वह कम्पनी से किस प्रकार निपटे। उन्होंने दावा किया कि एक भी अस्पताल ने उपचार नहीं रोका है।