नारायणपुर

4.30 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य, फिर भी केंद्रों में नहीं पहुंच रहे किसान, जानिए क्या है वजह?

Paddy Procurement 2026: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। जिले के 19 खरीदी केंद्र तैयार हैं, लेकिन 12 नवंबर तक एक भी किसान ने टोकन नहीं कटवाया।
4 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 2:37 PM IST
Chhattisgarh Dhan Kharidi
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की उल्टी गिनती शुरू (Photo Source- Patrika File Photo)

Chhattisgarh Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने में अब महज एक दिन बाकी है। जिला प्रशासन ने खरीदी को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है, लेकिन इसके बावजूद फिलहाल उपार्जन केंद्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है। किसान अभी तक धान बेचने के लिए टोकन कटवाने नहीं पहुंच रहे हैं। इसकी मुख्य वजह धान कटाई और मिंजाई का काम पूरा नहीं होना बताया जा रहा है।

जिले में इस साल 10,686 पंजीकृत किसानों से करीब 4 लाख 30 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 13,063.08 हेक्टेयर है। पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 50 हजार क्विंटल अधिक धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया है।

MSP Paddy Procurement: 12 नवंबर तक एक भी किसान ने नहीं कटवाया टोकन

धान खरीदी की तैयारियों के बीच सबसे खास बात यह है कि 12 नवंबर तक जिले के किसी भी किसान ने धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटवाया था। प्रशासन ने 10 नवंबर से ही टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बावजूद किसान अभी खरीदी केंद्रों से दूरी बनाए हुए हैं। दरअसल, इस साल मानसून में देरी के कारण धान की कटाई का काम भी प्रभावित हुआ है। इसके अलावा दीपावली के चलते भी कई किसान अभी खेती-किसानी के काम में व्यस्त हैं। यही वजह है कि किसान फिलहाल धान बेचने के बजाय कटाई और मिंजाई पूरी करने पर ध्यान दे रहे हैं। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि 15 से 20 नवंबर के बीच किसान टोकन कटवाने के लिए पहुंचना शुरू करेंगे।

17 से बढ़ाकर 19 किए गए धान खरीदी केंद्र

किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले जिले में 17 धान खरीदी केंद्र संचालित थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 19 कर दिया गया है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर हलामीमुंजमेटा और तारागांव में दो नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे इन क्षेत्रों के किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के खरीदी केंद्रों तक जाने की जरूरत कम होगी। नोडल अधिकारी प्रतीक अवस्थी के अनुसार, नए केंद्र शुरू करने का उद्देश्य किसानों को उनके नजदीक ही धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रशासन की ओर से खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बिजली, पानी से लेकर बारदाने तक की व्यवस्था

धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। केंद्रों में बिजली, पेयजल, शौचालय, नेटवर्क और बारदाने की व्यवस्था की गई है। बारिश से धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एड़का धान खरीदी केंद्र के प्रभारी पुनेश्वर पांडे ने बताया कि इस बार बारिश देर से होने के कारण धान की कटाई प्रभावित हुई है।

ऐसे में किसानों के खरीदी केंद्र पहुंचने में कुछ देरी हो सकती है। उम्मीद है कि 15 से 20 नवंबर के बीच किसान टोकन कटवाने के लिए पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र में बिजली, नेटवर्क और पेयजल की व्यवस्था कर ली गई है। नए बारदाने भी उपलब्ध हैं, जबकि पुराने बारदाने आने का इंतजार किया जा रहा है।

महाका केंद्र में करीब 800 किसानों का पंजीयन

महाका धान खरीदी केंद्र में भी किसानों के लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यहां करीब 800 किसानों का पंजीयन हुआ है। खरीदी प्रभारी मानसिंह बघेल के अनुसार, केंद्र में धान खरीदी को लेकर सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं। बारिश के दौरान धान को नुकसान से बचाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था भी की गई है। अब केंद्र प्रबंधन किसानों के पहुंचने का इंतजार कर रहा है।

'तुंहर टोकन' ऐप से भी कटवा सकते हैं टोकन

इस बार किसानों को टोकन कटवाने के लिए खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। किसान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन टोकन के लिए 'तुंहर टोकन' मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है। इसके अलावा किसान अपनी संबंधित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में जाकर भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी के जरिए सत्यापन अनिवार्य किया गया है। टोकन वितरण के लिए 70 प्रतिशत ऑनलाइन और 30 प्रतिशत ऑफलाइन व्यवस्था निर्धारित की गई है। ऑनलाइन टोकन आरक्षण में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी लघु और सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत बड़े किसानों के लिए रखी गई है।

जिले में धान खरीदी से जुड़े प्रमुख आंकड़े

  • धान खरीदी की शुरुआत: 15 नवंबर
  • पंजीकृत किसानों की संख्या: 10,686
  • कुल पंजीकृत रकबा: 13,063.08 हेक्टेयर
  • धान खरीदी का लक्ष्य: 4 लाख 30 हजार क्विंटल
  • खरीदी केंद्रों की संख्या: 19
  • नए खरीदी केंद्र: हलामीमुंजमेटा और तारागांव
  • पिछले साल की तुलना में लक्ष्य: करीब 50 हजार क्विंटल अधिक

अब किसानों के पहुंचने का इंतजार

प्रशासन ने धान खरीदी के लिए केंद्रों की संख्या बढ़ाने के साथ ही जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली हैं। वहीं, खरीदी केंद्रों में फिलहाल किसानों की आवाजाही नहीं होने से सन्नाटा बना हुआ है। हालांकि, धान कटाई और मिंजाई का काम पूरा होने के बाद किसानों के टोकन कटवाने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि 15 नवंबर से खरीदी शुरू होने के बाद किसान कितनी जल्दी केंद्रों तक पहुंचते हैं और इस साल निर्धारित 4 लाख 30 हजार क्विंटल खरीदी का लक्ष्य किस तरह पूरा होता है।

Updated on:
14 Nov 2026, 2:37 PM IST
Published on: