
CG Politics News: विश्व आदिवासी दिवस को लेकर नारायणपुर में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भाजपा सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता में कश्यप ने कहा कि भाजपा और आरएसएस आदिवासी समाज की संस्कृति, सभ्यता और अस्मिता को कमजोर करना चाहती हैं।
कश्यप ने कहा कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से आदिवासी समाज के लिए शुभकामना संदेश जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासी समाज की आबादी करीब 32 प्रतिशत है। ऐसे में शासकीय स्तर पर आदिवासी दिवस का आयोजन नहीं होना सरकार की सोच को दर्शाता है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों को ‘वनवासी’ कहकर उनकी मूल पहचान और अधिकारों से दूर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज देश की प्राचीन सभ्यताओं और विशिष्ट संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कश्यप ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासियों के संरक्षण के लिए वन अधिकार पट्टा और मनरेगा के माध्यम से रोजगार जैसी व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि प्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार को उनके अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के बावजूद आदिवासी समाज आगे भी विश्व आदिवासी दिवस को गर्व और उत्साह के साथ मनाता रहेगा। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, रजनू नेताम, देवनाथ उसेंडी, रघु मानिकपुरी, पंडी राम वड्डे, शिव कुमार पांडेय सहित कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।