
Satpura Tiger Reserve Chital Death: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में स्थित प्रसिद्ध सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पर्यटन क्षेत्र मढ़ई में फोरेसिथ लॉज रिसॉर्ट परिसर के पास एक चीतल संदिग्ध हालत में मृत मिलने से हड़कंप मच गया। रिसॉर्ट के पास चीतल को मृत देखते ही रिसॉर्ट के स्टाफ ने बागड़ा बफर जोन के कार्यालय को सूचना दी। इसके बाद रेंजर वन विभाग के अमले के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड से घटनास्थल व आसपास सर्चिंग कराई गई है।
फोरेसिथ लॉज रिसॉर्ट के कर्मचारियों की ओर से सूचना मिलने के मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों को कर्मचारियों ने आशंका जताई थी कि तेंदुए के हमले में चीतल की मौत हुई होगी हालांकि डॉग स्क्वॉड की सर्चिंग में तेंदुए की उपस्थिति की जानकारी नहीं मिली। बुधवार को चीतल का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग के अमले एसटीआर उपसंचालक ऋषिभा नेताम, सहायक संचालक शिव प्रसाद मथानी, रेंजर विलास डोंगरे और वन अमले की मौजूदगी में चीतल के अवशेषों का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रथम दृष्टया चीतल की मौत का कारण आवारा कुत्तों के हमले में होना प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। बताया गया है कि चीतल के सभी अंग सुरक्षित हैं और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जिससे की मौत का सही कारण पता चलेगा और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जांच की जाएगी।
बता दें कि दो दिन पहले सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बागड़ा बफर में सांभर के बच्चे का भी क्षत-विक्षत शव मिला था। गश्ती दल को बदबू आने पर तलाश करने पर सांभर के बच्चे का शव मिला था। पंचनामा बनाकर तब शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। तब प्रथम दृष्टया अधिकारियों ने बीमारी की वजह से मौत होने की आशंका जताई थी।