MP News: पचमढ़ी सैलानियों को आम के गुणवत्ता और उसके गुण के बारे में बताया जाएगा। सेमीनार सत्र में तकनीकी माध्यम से आम की खेती करने के तरीके किसानों को बताए जाएंगे।
MP News: पचमढ़ी में दो दिनों का आम महोत्सव 3 और 4 जून को होगा। आम महोत्सव में शासकीय और निजी क्षेत्र के बागों से निकलने वाले दो दर्जन से ज्यादा किस्मों के आम प्रदर्शित किए जाएंगे। महोत्सव में आम पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन भी होगा। किसानों का सेमिनार होगा। इस बार का आम महोत्सव इसलिए भी खास होगा कि यहां 3 जून को प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक है। महोत्सव में मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री शामिल हो सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक बायसन लाज के करीब स्थित प्रमुख उद्यान में दो दिनी आम महोत्सव में सरकारी बाग सहित जिले में निजी क्षेत्र, शासकीय उद्यान और प्राकृतिक रूप से मिलने वाले आमों को शामिल किया जाएगा। अभी तक आम की लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, मल्लिका, चौसा, बाम्बेग्रीन, तोतापरी, अल्फांसो, केसर, हिमसागर, बादामी, सफेदा, मालगोआ किस्म को चिन्हित कर लिया गया है।
महोत्सव में पहुंचने वाले सैलानियों को आम के गुणवत्ता और उसके गुण के बारे में बताया जाएगा। सेमीनार सत्र में तकनीकी माध्यम से आम की खेती करने के तरीके किसानों को बताए जाएंगे।
आम महोत्सव में सैलानियों को जिले में उत्पादित आम की जानकारी दी जाएगी। किसानों को आम की खेती करने की उन्नत तकनीक की जानकारी दी जाएगी।- रीता उईके, सहायक संचालक उद्यानिकी नर्मदापुरम
महोत्सव में पचमढ़ी में उत्पादित लीची और चीकू को भी शामिल किया जा रहा है। पचमढ़ी के पठारी क्षेत्रों में इनका उत्पादन कैसे हो रहा है। किसानों , पर्यटक और आमजन को इसकी जानकारी दी जाएगी। ताकि और भी किसान इसे अपना सकें।