MP News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में नई गाइडलाइन जारी होने वाली है। जिसमें जमीनों के दाम में बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है।
MP News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में अप्रैल में लागू होने वाली नई गाइड लाइन से जमीन, मकान, प्लाट खरीदने वालों की जेब ढीली होगी। इस बार नई गाइड लाइन बनाने सेटेलाइट के दिए गए फोटो और संबंधित क्षेत्रों के नक्शों के आधार पर जमीनों की वर्तमान स्थिति का आंकलन किया जा रहा है। इसमें मुख्यालय की 422 सहित जिले की 700 लोकेशनों पर प्लाट, मकानों के दामों में 15 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी होने के संकेत हैं।
जिन क्षेत्रों में पिछले तीन साल से गाइड लाइन में बदलाव नहीं किए गए हैं। वहां भी इस बार दाम बढ़ाने की तैयारी है। नई गाइड लाइन बनाने के लिए विकसित होते क्षेत्रों की एक साल पहले और वर्तमान के फोटो व नक्शा सैटेलाइट की मदद से लिए गए है। संपदा 0.2 के जरिए यह फोटो, नक्शे उप पंजीयकों को दिए गए हैं। इसमें संबंधित क्षेत्र में एक साल पहले क्या स्थिति थी। अब कितना विकसित हो गया है। इसका प्रतिशत का आकंलन किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में सबसे अधिक रजिस्ट्रियां की गई हैं। इसका डेटा लिया जा रहा है। इसके बाद आधार पर नई गाइड लाइन के दाम प्रस्तावित किए हैं। इसपर जिला के मूल्यांकन समिति की बैठक में चर्चा होगी।
विभाग के मुताबिक मुख्यालय की कुलामढ़ी, हरदा बायपास, मालाखेड़ी, आईटीआई, डोंगरी, किशनपुरा सहित डोलरिया, रोहना, बांद्रभान तक 422 लाकेशन में लगभग 322 लाकेशानों की जमीनों के दाम 15 से प्रतिशत बढ़ जाएंगे। इन क्षेत्रों में सबसे अधिक रलिस्ट्रियां की गई है।
नर्मदापुरम के शहरी क्षेत्र में 100 लोकेशन पर पिछले तीन साल से गाइड लाइन में कोई बदलाव नहीं किया गया था। इन क्षेत्रों में नई गाइड में 50 प्रतिशत तक दाम बढ़ने की तैयारी हैं। इससे इन क्षेत्रों की प्रापर्टी खरीदना अचानक महंगा हो जाएगा। गाइड लाइन बनाने के लिए ऑर्टिफिशयल इंटेलिजेंस का उपयोग भी किया जाएगा। इसे लेकर जिला पंजीयक कार्यालय को निर्देश मिलने का इंतजार है। इसके बाद नई गाइड लाइन बनाने में विभाग एआई का उपयोग करेगा।
नई गाइडलाइन में सेटेलाइट से मिले एक साल पुराने और वर्तमान के फोटो के आधार पर विकसित क्षेत्रों में गाइड लाइन की दरें प्रस्तावित की जा रही हैं। एआई के उपयोग किस तरह करना है। इसकी गाइड लाइन मिलने का इंतजार है।- राजीव सोरते, जिला पंजीयक