
Severe Cold in MP : उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते एक बार फिर मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरु हो गया है। आलम ये है कि सूबे के सभी क्षेत्रों का तापमान तेजी से गिर रहा है। राज्य के नर्मदापुरम जिले में स्थित हिल स्टेशन पचमढ़ी की तो यहां बीती रात सीजन की सबसे सर्द गुजरी। मौसम विभाग के अनुसार, यहां न्यूनम तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। आलम ये है कि जमीन पर जमा ओस ने बर्फ की शक्ल ले ली, जिसके चलते हर तरफ सिर्फ बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है।
सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में इस सीजन की सबसे सर्द रात गुजरी। बुधवार सुबह यहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना जा रहा है कि, रात की अंधेरी में यहां तापमान और नीचे रहा होगा। बीते 24 घंटों के दौरान ही यहां न्यूनतम तापमान में 6.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
उत्तर से आ रहीं सर्द बर्फीली हवाओं से गलन वाली ठंड का दौर चरम पर पहुंच गया है। बता दें कि इससे पहले पचमढ़ी में 8 जनवरी 2013 को 0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। यानी 7 जनवरी 2025 के न्यूनतम तापमान ने बीते 12 साल पुराने रिकॉर्ड को छुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज यहां तापमान के और भी नीचे जाने की संभावना जताई है।
भोपाल मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिमी भारत में 10 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। इससे पहले यहां अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमानों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की औसत कमी दर्ज की जा रही है। हालांकि, सूबे के कई इलाकों में बादल छाने के साथ साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना भी व्यक्त की गई है।