नर्मदापुरम

एमपी में कई जिलों का तापमान 40 पार पहुंचा, लू का अलर्ट

Heatwave Alert : प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तीखी धूप देखने को मिली है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम जिले में दर्ज हुआ है।

2 min read

Heatwave Alert :मध्य प्रदेश में गर्मी का असर दिखने लगा है। इस सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तीखी धूप देखने को मिली है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम जिले में दर्ज हुआ है। यानी यहां अचानक से तापमान में तेजी आई है। ऐसे में जानते हैं कि, जिले के साथ साथ प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में आगामी दो दिन मौसम का हाल कैसा रहेगा..।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। यहां का तापमान 40 डिग्री का आंकड़ा पार करते हुए 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद रतलाम का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा, साथ ही बड़वानी जिले के तालुन में भी पारा 40.2 डिग्री रहा, वहीं छतरपुर के नौगांव, शिवपुरी, गुना और दमोह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया।

यहां तापमान तेजी से बढ़ा

इसके अलावा मध्य प्रदेश के उज्जैन, ग्वालियर, खजुराहो, खरगोन, धार, टीकमगढ़, मंडला, सागर, सतना, सिवनी, शाजापुर, उमरिया और बैतूल में तापमान 39 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया। इनमें सबसे अधिक ग्वालियर का 39.9 डिग्री दर्ज हुआ, उज्जैन में 39 डिग्री, भोपाल में 38.8 डिग्री, इंदौर में 38.2 डिग्री और जबलपुर में पारा 38 डिग्री दर्ज किया गया। नौगांव में बुधवार को दिन का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। यहां सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। वहीं, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। कई शहरों का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक चल रहा है।

मार्च के आखिरी दो दिन, लू का अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो जिस तरह महज दो से तीन दिनों के भीतर ही प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हुई बारिश के बावजूद गर्मी का असर तेजी से बढ़ा है तो वहीं, विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस महीने के आखिरी दो दिनों में लू चल सकती है। इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में लू चलने की संभावना है। 27 मार्च को दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। वहीं 28 मार्च को पारे में गिरावट रहेगी। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन का तापमान 38 डिग्री के आसपास रह सकता है।

Published on:
27 Mar 2025 10:02 am
Also Read
View All

अगली खबर