
Narmadapuram News :मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत आने वाले इटारसी रेलवे जंक्शन के आउटर पर रविवार को उस समय एक एक्सप्रेस ट्रेन में हड़कंप मच गया, जब अचानक आगे बढ़ेने के लिए रफ्तार पकड़ने से पहले ट्रेन के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। धुआं उठने की खबर फैलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि, ये घटना उस समय घटी जब ट्रेन इटारसी स्टेशन से रवाना होने के बाद नाला मोहल्ला आउटर की ओर धीरे धीरे बढ़ रही थी। घटना दोपहर करीब 12 बजकर 32 मिनट की बताई जा रही है। ट्रेन के पायलट ने इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को मोबाइल पर दी और तत्काल ट्रेन को रोककर इंजन बंद किया गया।
बताया जा रहा है कि, कुशीनगर एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। रविवार की दोपहर ये ट्रेन गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस की ओर से जाने के लिए इटारसी रेलवे जंक्शन से आगे बढ़ी थी। आउटर पर पहुंचने से पहले ही इंजन से धुआं उठता दिखाई देने लगा। घटना को लेकर जानकारी देते हुए रेलवे स्टेशन प्रबंधक विनोद चौधरी ने बताया कि, इंजन के अंदर एक कनेक्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी, संभवत: स्पार्किंग होने से उससे धुआं उठने लगा था। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने सावधानी बरतते हुए ट्रेन को आउटर पर ही रोक दिया। साथ ही, प्रबंधन को सूचित भी कर दिया।
प्रबंधन से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर पायलट ने तत्काल ही सावधानीपूर्वक इंजन बंद कर दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही इटारसी स्टेशन से अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांत को नियंत्रित करते हुए ट्रेन को आउटर से वापस प्लेटफार्म पर लाया गया। जिस इंजन में धुंआ निकला था, उसके साथ दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे के लिये सुरक्षित रवाना कर दिया गया है। इस तरह करीब एक घंटे की देरी से ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी। समय रहते पायलट की समझदारी से बड़ा हादसा होने से टल गया।