नर्मदापुरम

नर्मदापुरम में 108 एम्बुलेंस से ढोई जाती हैं सब्जियां, उमंग सिंघार ने उठाए सवाल

Vegetables Transport 108 Ambulance : मामले पर उमंग सिंघार ने कहा- 'जब मरीजों को जरूरत के समय 108 एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ता है, तब उसी सेवा की गाड़ी में सब्जियों के बोरे और कैरेट लादना गंभीर लापरवाही है।
2 min read
Vegetables Transport 108 Ambulance
एम्बुलेंस मामले में उमंग सिंघार ने उठाए सवाल (फोटो सोर्स: Umang Singhar X)

Narmadapuram News :मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में 108 एंबुलेंस में सब्जियां लादकर ले जाने के मामले ने अब सूबे की राजनीति गरमा दी है। साथ ही, प्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल भी खड़े होने लगे हैं। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा है। साथ ही, सवाल करते हुए कहा कि, मरीजों के लिए संचालित 108 एंबुलेंस का इस्तेमाल माल ढुलाई के लिए कैसे किया जा सकता है।

मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर वीडियो के साथ पोस्ट करते हुए कहा कि, जब मरीजों को जरूरत के समय 108 एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ता है, तब उसी सेवा की गाड़ी में सब्जियों के बोरे और कैरेट लादना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने इस मामले में सिर्फ नोटिस जारी करने के बजाय जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उमंग सिंघार उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, एक तरफ मरीजों को जरूरत के समय 108 एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर उसी एंबुलेंस में सब्जियों के बोरे और कैरेट लादे जा रहे हैं।' उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि, 'मरीजों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली 108 एंबुलेंस को माल ढोने के लिए कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है।' उन्होंने यह भी पूछा कि 'इस मामले में सिर्फ नोटिस जारी कर खानापूर्ति क्यों की जा रही है और दोषियों की जवाबदेही कब तय होगी।'

ये है मामला

नर्मदापुरम जिले से एक वीडियो सामने आया, जिसमें 108-एंबुलेंस में स्ट्रेचर वाले हिस्से में सब्जियों से भरे बोरे और कैरेट रखे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो रात का दिख रहा है। रात करीब 11:30 बजे एक 108 एंबुलेंस में सब्जियों के बोरे और कैरेट रखे जा रहे थे। बताया गया है कि एंबुलेंस के पिछले हिस्से में बने स्ट्रेचर स्थान का इस्तेमाल सामान रखने के लिए किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान लिया है।

स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई

नर्मदापुरम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि, मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। रिपोर्ट के अनुसार, जिला समन्वयक की ओर से संबंधित एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। विभाग के अनुसार,इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। मामले की जांच शुरु कर दी गई है।

Updated on:
22 Sept 2026 03:27 pm
Published on:
22 Sept 2026 03:14 pm