जिला अस्पताल के आइसीयू वार्ड से रेफर मां को लेने आई एंबुलेंस के कर्मचारियों की असंवेदनशीलता और लापरवाही के खिलाफ ग्राम सूरवारी निवासी हसन पिता राजे खान ने कलेक्टर से शिकायत की है। हसन को अपने परिजनों की मदद से आइसीयू वार्ड से रेफर मां को पीठ पर लादकर ले जाना पड़ा था।
complaint with the District Collector नरसिंहपुर. जिला अस्पताल के आइसीयू वार्ड से रेफर मां को लेने आई एंबुलेंस के कर्मचारियों की असंवेदनशीलता और लापरवाही के खिलाफ ग्राम सूरवारी निवासी हसन पिता राजे खान ने कलेक्टर से शिकायत की है। हसन को अपने परिजनों की मदद से आइसीयू वार्ड से रेफर मां को पीठ पर लादकर ले जाना पड़ा था। जिसकी इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी।
मंगलवार की शाम कलेक्ट्रेट पहुंचे हसन खान ने कलेक्टर के नाम दी शिकायत में पूरे घटनाक्रम के साथ एंबुलेंस कर्मियों की मनमानी-लापरवाही, नियमों के उल्लघंन की शिकायत विस्तार से की है। हसन ने यह भी बताया है कि बीती 15 मई की रात को जब बीमार मां को अस्पताल ले जाने उसने एवं परिचितों ने 108 एंबुलेंस बुलाने कई कॉल किए थे लेकिन करीब दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिली जिसके बाद उसे निजी वाहन से मां को अस्पताल लाना पड़ा।
दोषियों पर हो कार्रवाई ताकि फिर न हो संवेदनाएं तार-तार
पीडि़त का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए ताकि फिर किसी व्यक्ति के साथ इस तरह की घटना न हो, मानवीय संवेदनाएं तार-तार न हों।
यह था मामला
अस्पताल के आइसीयू वार्ड से बीती 16 मई को रेफर ह्दयाघात की मरीज छम्मो बी को लेने 108 एंबुलेंस आई थी। जो काफी दूर खड़ी रही, परिजन काफी देर परेशान रहे, वह स्वयं व्हीलचेयर पर मरीज को एंबुलेंस तक ले गए। एंबुलेंस में मरीज को लिटाने, मास्क लगाने के बाद एक कर्मचारी ने आक्सीजन की कमी होने व दूसरा सिलेंडर बुलाने की बात कही। जिससे मरीज की गंभीर स्थिति और सादे कपड़ों में मौजूद एंबुलेंस कर्मियों के रवैए से निराश हसन को मां को पीठ पर लादकर एक निजी अस्पताल ले जाना पड़ा था, बाद में उसकी मां की मौत हो गई थी।
वर्जन
मामले में मैंने एनआरएचएम के एमडी से बात की है, शिकायत और मामला मेरे संज्ञान में हैं, उसमें जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रजनी सिंह, कलेक्टर नरसिंहपुर
मामले की शिकायत उच्च स्तर तक पहुंच गई है, पूरे मामले की जांच कर जो भी लापरवाही हुई है उसमें कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. मनीष मिश्रा, सीएमएचओ नरसिंहपुर