MP Board Result- नरसिंहपुर के उत्कृष्ट स्कूल में परीक्षा परिणाम देखने उमड़े स्टूडेंट, सीमित संसाधनों के बावजूद पाई बड़ी कामयाबी
MP Board Result- माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार नरसिंहपुर जिले के परीक्षार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। 10 वीं और 12 वीं दोनों ही कक्षाओं में जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सफलता दर्ज कराते हुए मेरिट सूची में भी स्थान बनाया है। 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में गौरवपुरी गोस्वामी, सरस्वती उमा विद्यालय, गोटेगांव ने 494 अंक प्राप्त कर छठवां स्थान हासिल किया। हाई स्कूल काशीखेरी की अंशिका लोधी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुखाखैरी की कृष्णा कौरव ने 492-492 अंक के साथ संयुक्त रूप से आठवां स्थान प्राप्त किया।
चिलका की रहनेवाली अंशिका लोधी ने सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनके पिता रामकुमार किसान हैं और करीब 6-7 एकड़ में खेती करते हैं। वे परिवार सहित गांव में रहते हैं। रामकुमार बताते हैं कि बेटी अंशिका रोज करीब 3 किलोमीटर साइकिल चलाकर ग्राम काशीखैरी स्थित स्कूल पहुंचती थी। कड़ी मेहनत और नियमित अध्ययन से यह उपलब्धि प्राप्त की।
अंशिका ही नहीं, उनकी सभी बेटियां पढ़ाई में अच्छी हैं और शिक्षा को लेकर गंभीर हैं
अंशिका सहित रामकुमार के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। रामकुमार बताते हैं कि अंशिका ही नहीं, उनकी सभी बेटियां पढ़ाई में अच्छी हैं और शिक्षा को लेकर गंभीर हैं।
गांव में कोचिंग या पढ़ाई के अन्य साधन उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उसने घर पर ही निरंतर अध्ययन जारी रखा
अंशिका ने कभी भी स्कूल आने-जाने में परेशानी की शिकायत नहीं की। वह रोज साइकिल से स्कूल जाती और घर लौटकर भी नियमित पढ़ाई करती थी। गांव में कोचिंग या पढ़ाई के अन्य साधन उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उसने घर पर ही निरंतर अध्ययन जारी रखा।
परिणाम आने से पहले ही अंशिका ने कक्षा 11वीं की पढ़ाई शुरू कर दी थी। परीक्षा परिणाम के दिन भी वह स्कूल में ही मौजूद थी। उसकी इस सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
10 वीं, 12 वीं के परीक्षा परिणामों को लेकर नरसिंहपुर में सुबह से स्टूडेंट में अलग उत्साह देखा जा रहा था। शहर के उत्कृष्ट स्कूल में परीक्षा परिणाम देखने स्टूडेंट उमड़ पड़े।