
The onset of pre-monsoon rains नरसिंहपुर. जिले में तेज आंधी के साथ प्री मानसूनी बारिश के आगाज ने लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत देने के साथ अच्छी बारिश की उम्मीद बढ़ा दी है। लेकिन तेज आंधी के दबाब में जगह-जगह गिर रहे पेड़ों के कारण सडक़ों के साथ ही शहरी-ग्रामीण इलाकों में जोखिम बढऩे लगा है। शुक्रवार की शाम से रात तक जहां जिले भर में कई स्थानों पर जोरदार बारिश हुई और आंधी ने नुकसान किया। वहीं शनिवार की शाम भी अचानक बदले मौसम के साथ गरज-चमक के साथ बारिश हुई, आंधी चलने से कई जगह विशालकाय पेड़ गिरने के कारण रास्ते जाम हो गए। मौसम की खराबी ने बिजली की आपूर्ति को भी बिगाड़ दिया। जगह-जगह फाल्ट बने तो मौसम खुलते ही विभाग का अमला सुधार कार्य में जुटा। दो दिन में हुई थोड़ी देर की बारिश में ही कई जगह जलभराव के साथ ही कीचड़-फिसलन की समस्या भी बढऩे लगी है।
शनिवार को सुबह से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। लेकिन दोपहर करीब 4 बजे से मौसम में अचानक बदलाव आया और पहले धूल भरी तेज आंधी चली, इसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। तेज आंधी के कारण नगरपालिका कार्यालय के सामने एक पेड़ गिरने से किनारे खड़ी एंबुलेंस चपेट में आ गई, जिसे बामुश्किल पेड़ हटाकर सुरक्षित किया गया। वहीं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में भी एक पेड़ गिर गया, गनीमत रही कि जहां पेड़ गिरा वहां कोई नहीं था। इसी तरह हाइवे क्रमांक 44 से चांवरपाठा होकर डोभी जाने वाले मार्ग पर जनपद भवन के पास बरगद का एक विशालकाय पेड़ गिरने से मार्ग बाधित हो गया। लोगों ने कहा कि आंधी चलने से मार्ग पर आवागमन कम था, यदि सामान्य मौसम में पेड़ गिरता तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। काफी देर तक पेड़ मार्ग पर ही पड़ा रहा, लोगों को निकलने में काफी परेशानियां रहीं। बताया जाता है कि ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह तेज आंधी से शेड, छप्पर उडऩे से लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं कई किसानों की खेतों में कटकर रखी फसल भी बारिश से प्रभावित हुई है।
बाजार की रोड पर भरा पानी तो निकलना मुश्किल
नगर के राजीव वार्ड स्थित इतबारा बाजार रोड पर जगह-जगह बारिश का पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होने लगी है। यहां बाजार में जहां दुकानें लगती हैं वहीं पर रोड के काफी हिस्से में पानी जमा है, जो यहां से निकलने वाले वाहनों के कारण उचटकर राहगीरों के कपड़े खराब कर रहा है। वहीं कॉलेज के आसपास भी कुछ जगह पानी जमा हो गया है। इस रोड से जुड़े व्यापारी, नागरिक कहने लगे हैं कि यदि यहां जल्द रोड का कार्य पूरा करते हुए पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो बारिश के दिनों में यहां से निकलना मुश्किल हो जाएगा।