MP News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में हुई इस घटना में एक 50 साल के व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक छोटी बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है।
MP News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गाडरवारा थाना क्षेत्र में साईखेड़ा-पिपरिया मार्ग के बीच कामती गांव में एक डंपर अनियंत्रित होकर घर में जा घुसा। हादसे के समय घर में मौजूद 4 लोग इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में एक 50 साल के भोजराज पिता ओमकार कौरव की मौत हो गई जबकि एक छोटी बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि डंपर का ड्राइवर नशे में था। इलाके में आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।
जानकारी के अनुसार हादसे में कुल 4 लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी थी कि घर का एक हिस्सा ढह गया। इससे घर पर मौजूद एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में एक बच्ची भी है जिसकी हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना में घायल हुए अन्य लोगों का इलाज गाडरवारा के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के पास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर सामने आया कि घटना का कारण डंपर चालक की लापरवाही। चश्मदीदों ने बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में था जिसके कारण उसका नियंत्रण डंपर से खो गया और डंपर घर में जा घुसा। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर को भागने से पहले ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ड्राइवर को पुलिस के हवाले करने के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया और वह लगातार प्रशासन से गुस्सा जाहिर करते हुए चालक पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल बन गया था और चक्का जाम करने का प्रयास किया गया। मौके पर सिविल अस्पताल गाडरवारा सहित बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। थाना प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क जाम करने की कोशिश कर रहे थे। उनकी मांगें सुनकर आश्वस्त किया गया है कि मुआवजे और अन्य मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। गाडरवारा के सिविल अस्पताल और दुर्घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। फिलहाल ट्रक को हटाया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।