राष्ट्रीय

Assam Flood : 103 साल की कनकलता दास ने पेश की मिसाल: जीवनभर की कमाई बाढ़ पीड़ितों को सौंपी, डीसी ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद

Assam Flood : असम के शोणितपुर जिले की 103 वर्षीय कनकलता दास ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपनी सालों की जमापूंजी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान कर दी। उन्होंने शिवसागर के बाढ़ प्रभावित 77 परिवारों को 2-2 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी।
2 min read
Aug 18, 2026
Assam Flood
103 साल की कनकलता दास ने पेश की मिसाल (Photo-X @dc_sivasagar)

Assam Flood News : गुवाहाटी। उम्र का शतक पार कर चुकीं 103 वर्षीय कनकलता दास ने मानवता और सेवा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने पूरे प्रदेश का दिल जीत लिया है। असम के शोणितपुर जिले के माजरोईमारी गांव की रहने वाली बुजुर्ग कनकलता दास ने अपनी सालों की जमापूंजी से बाढ़ पीड़ितों की मदद कर एक अनूठी नजीर पेश की है।

शिवसागर के 77 पीड़ित परिवारों को सौंपी आर्थिक सहायता

हाल ही में शिवसागर जिले के आमगुड़ी गार्डन क्षेत्र में आई बाढ़ से बेघर और प्रभावित हुए परिवारों की बदहाली के बारे में जब कनकलता दास को पता चला, तो वे चुप नहीं रह सकीं। इस उम्र में भी वे खुद सफर तय कर शिवसागर के जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने बाढ़ से प्रभावित 77 परिवारों में से प्रत्येक को अपनी बचत में से 2-2 हजार रुपए की आर्थिक सहायता सौंपी।

उपायुक्त ने छुए पैर, लिया आशीर्वाद

कनकलता दास के इस निस्वार्थ और करुणामय कदम ने डीसी कार्यालय में मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। जिले के उपायुक्त मृदुल यादव ने बुजुर्ग कनकलता दास से यह सहयोग राशि स्वीकार की और उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। इस दौरान एक बेहद भावुक क्षण में उपायुक्त ने 103 वर्षीय बुजुर्ग के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिस पर कनकलता जी ने भी उन्हें सहर्ष स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया।

मानवता ही सबसे बड़ा धर्म

जीवन के अंतिम पड़ाव पर भी समाज सेवा का संदेश देने वाली कनकलता दास का यह कदम पूरे राज्य में प्रेरणा का स्रोत बन गया है। सोशल मीडिया से लेकर आम लोगों के बीच उनके इस जज्बे और सामाजिक जिम्मेदारी की जमकर सराहना हो रही है। कनकलता दास ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सेवा और इंसानियत ही सच्चा धर्म है, और देने का जज्बा उम्र की बंदिशों से परे होता है।

Updated on:
18 Aug 2026 02:07 pm
Published on:
18 Aug 2026 02:06 pm