राष्ट्रीय

अमृतसर में जहरीली शराब का कहर: 15 लोगों की मौत, कइयों की हालत गंभीर

Amritsar Poisonous Alcohol Case: पंजाब के अमृतसर के अंतर्गत मजीठा इलाके में जहरीली शराब पीने से अबतक 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
2 min read
• •
Updated: 13 May 2025, 3:55 PM IST
Feature image

Amritsar Poisonous Alcohol Case: पंजाब के अमृतसर के अंतर्गत मजीठा इलाके में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है। जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 6 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमृतसर पुलिस के मुताबिक, मजीठा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें सोमवार रात इस घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद मेडिकल टीम लोगों की जांच कर रही है।

तीन गांवों में छाया मातम

पुलिस के मुताबिक यह घटना मजीठा के नजदीकी तीन गांवों भुल्लर, टांगरा और संधा की बताई जा रही है। इतने लोगों की मौत के बाद इन गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मरने वाले गांव में ही भट्ठे पर मजदूरी करते थे। सूत्रों का कहना है कि जहरीली शराब पीने से मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

घर-घर जा रही हैं मेडिकल टीमें

अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने कहा, मजीठा में एक दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी हुई है। हमें कल रात पता चला, हमें 5 गांवों से रिपोर्ट मिली कि कल शराब पीने वाले लोगों की हालत गंभीर है। हमने अपनी मेडिकल टीमें भेजीं। हमारी मेडिकल टीमें अभी भी घर-घर जा रही हैं। लोगों में कुछ लक्षण हों या न हों, हम उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं ताकि हम उन्हें बचा सकें। अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार हर संभव मदद कर रही है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मौतों का यह आंकड़ा न बढ़े। हमने आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच चल रही है।

अब तक 15 लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि इन तीन गांवों में कई लोगोें ने यह शराब पी ली थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों को उल्टियां होने लगीं। इसके तुरंत बाद सभी को अमृतसर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहरीली शराब के सेवन से अब तक 15 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने जहरीली शराब बेचने के आरोप में 4 लोगों को पकड़ा है। फिलहाल इन सभी से पूछताछ की जा रही है। मजीठा क्षेत्र के विधायक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

Updated on:
13 May 2025, 3:55 PM IST
Published on: