राष्ट्रीय

Covid-19 : एक सप्ताह में तीन गुना हो गए कोरोना केस, लेकिन 10 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए… घबराएं नहीं-सावधानी रखें

पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 32 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं, इसके साथ ही महामारी से 116 मरीजों की मौत हो गई। अच्छी बात यह है कि इस दौरान 10 हजार से ज्यादा मरीज कोरोना से ठीक भी हुए हैं। वहीं दिल्ली, महाराष्ट्र, और पश्चिम बंगाल में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर आ गई है।
2 min read
• •
Updated: 3 Jan 2022, 12:26 PM IST
32000 new corona cases found in 24 hours Delhi Mumbai badly affected
32000 new corona cases found in 24 hours Delhi Mumbai badly affected

भारत में एक बार फिर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि इस बात की प्रबल आशंका है कि देश में कोरोना की तीसरी लहर दस्तक दे चुकी है। बता दें कि हफ्तेभर में देश में कोरोना मामले तीन गुने हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 32 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं, इसके साथ ही महामारी से 116 मरीजों की मौत हो गई। अच्छी बात यह है कि इस दौरान 10 हजार से ज्यादा मरीज कोरोना से ठीक भी हुए हैं। अगर कोरोना के प्रसार की बात करें तो देशभर में एक बार फिर मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे अधिक मामले हैं। जानकारी के मुताबिक बीते दिन राज्य में 11877 कोविड केस दर्ज किए गए।

वहीं सिर्फ मुंबई में ही 8063 नए कोविड मामले सामने आए। खास बात यह है कि इनमें ओमिक्रॉन संक्रमण के 50 मरीज हैं। इस दौरान राज्य में 9 मरीजों की मौत भी हो गई।

3 दिन में 3 गुना हुए मामले
इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में सामने आए 3194 नए मामलों ने हड़कंप मचा दिया है। इस दौरान राज्य में एक मरीज की मौत भी हुई। कल दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोरोना की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कोरोना तेजी से फैल रहा है, लेकिन किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।

दिल्ली सीएम ने कहा कि पिछले 3 दिनों में कोरोना 3 गुना हुआ है। हालांकि ज्यादातर मरीजों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं या फिर लक्षण हैं ही नहीं। ऐसे में परेशानी और चिंता की कोई बात नहीं है। बस सभी को कोरोना नियमों का सख्ती और जिम्मेदारी से पालन करना है।

वहीं पश्चिम बंगाल में कोरोना मामलों का आंकड़ा एक दिन में 6153 तक पहुंच गया है। सिर्फ कोलकाता ने 3000 का आंकड़ा पार किया। पिछले 24 घंटों में शहर में 3194 नए मामले सामने आए और राज्य में 8 मरीजों की मौत भी हो गई। अगर राज्य में कोरोना के एक्टिव मामलों की बात करें तो ये संख्या 17038 हो गए हैं।

इसके साथ ही दक्षिण भारत में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है। केरल की बात करें तो यहां एक दिन में दो हजार से ज्यादा यानी 2802 कोरोना संक्रमित पाए गए है। इसके साथ ही ओमिक्रॉन के भी 45 नए मामलों की रविवार को सामने आए हैं। अब तक राज्य में कुल 152 पर नए वैरिएंट के पीड़ित हो चुके हैं। वहीं 19 हजार से ज्यादा मरीज एक्टिव हैं। तमिलनाडु और कर्नाटक में 24 घंटे में हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए गए हैं।

Updated on:
3 Jan 2022, 12:26 PM IST
Published on: