
दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराध इस बात की गवाही दे रहे हैं कि देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। साल 2022 के शुरुआती 6 महीनों में दिल्ली में हर दिन कम से कम 6 रेप हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया है कि इस साल में अब तक हमने हर दिन रेप के 6 मामले दर्ज किए हैं और छेड़छाड़ के 7 मामले दर्ज किए हैं, जिसकी वजह से साल 2022 के शुरुआती 6 महीनों में ही दिल्ली में 1,100 से अधिक रेप के मामले दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के आकड़ों के अनुसार इस साल रेप के मामलों में 6% और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व मारपीट के मामलों में 17% की बढ़ोतरी हुई है। जनवरी 2022 से 15 जुलाई दिल्ली में छेड़खानी व मारपीट के 1,480 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल इस समय की अवधि में 1,244 मामले दर्ज किए गए थे।
दिल्ली में इस साल अपहरण के मामलों में बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस साल अपहरण के मामलों में 20% की बढ़ोतरी देखी गई है। जनवरी 2022 से 15 जुलाई के बीच दिल्ली में अपहरण के 2,197 मामले दर्ज किए गए हैं।
कोरोना महामारी के बाद पूरे देश में ही घरेलू हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली में कोरोना महामारी के बाद घरेलू हिंसा के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी गई है। इस साल दिल्ली में घरेलू हिंसा के 2,704 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि पिछले साल कुल 2,096 मामले दर्ज हुए थे।
दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा ने कहा कि रेप व यौन शोषण के मामले आपराधिक होने के साथ-साथ एक सामाजिक समस्या भी है। हम यह बताते हैं कि बच्चे, महिलाएं इस बात से अवगत रहें कि वह हमारे हेल्पलाइन नंबर के जरिए पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस इन अपराधों को बहुत गंभीरता से लेती है, जिसमें हमारे द्वारा यह पूरी तरह से सुनिश्चित करने का प्रयाश किया जाता है कि पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि डेटा के अनुसार इस तरह के मामलों में लगभग 99.5% मामलों में आरोपी पीड़िता के परिचित का होता है।
दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने अधिक से अधिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं महिलाओं की सहायता के लिए गुलाबी बूथ भी स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही हमारे द्वारा संदिग्ध स्थानों की भी पहचान की गई है,जहां पुलिस लगातार गश्त करती रहती है। पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और महिलाओं के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम में अश्लील वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार, दिल्ली साइबर टीम की कार्रवाई