
आम आदमी पार्टी - आप (Aam Aadmi Party - AAP) के नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने आज, शुक्रवार, 20 नवंबर को हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार (Congress Government) पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने 10 चुनावी वादों को पूरा नहीं किया, जिनमें महिलाओं को हर महीने 1,500 रूपए की सहायता, युवाओं के लिए 5 लाख नौकरियाँ और लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देना शामिल था। सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस ने एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है और कांग्रेस सरकार से महिलाएं और युवा काफी निराश हैं।
हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और युवाओं की चिंताओं को सबके सामने लाने के लिए आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। धर्मशाला में सिसोदिया खुद विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी धर्मशाला में स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा कैम्पस की ओर एक विरोध मार्च निकालेगी।
सिसोदिया ने भरोसा दिलाया कि अगर हिमाचल प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनी, तो वो अपने सभी वादे पूरे करेगी। पड़ोसी राज्य पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार का उदाहरण देते हुए सिसोदिया ने दावा किया कि सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने पार्टी के चुनावी वादों को पूरा करके दिखाया है।
दिल्ली के प्रदूषण संकट पर सिसोदिया ने कहा कि वायु प्रदूषण सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए केंद्र और सभी उत्तरी राज्यों के बीच आपसी तालमेल और संयुक्त प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि धूल और प्रदूषण राज्यों की सीमाओं को नहीं मानते, इसलिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य उत्तरी राज्यों को मिलकर एक साझा रणनीति बनानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी अपील की कि वो प्रदूषण के लिए किसानों को दोष देना बंद करें। उन्होंने तर्क दिया कि निर्माण कार्यों, वाहनों और अन्य स्रोतों की भी इस समस्या में भूमिका है। सिसोदिया कहा, "यह पूरे उत्तर भारत की सामूहिक विफलता है, और केंद्र सरकार को सभी उत्तरी राज्यों के साथ मिलकर इसका समाधान खोजना चाहिए।"