राष्ट्रीय

Abhijeet Dipke News: ‘आइए दोनों अपनी-अपनी डिग्री दिखाएं’: अब अभिजीत दीपके ने PM मोदी को दिया खुला न्योता

Abhijeet Dipke News: CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी-अपनी डिग्री दिखाने की खुली चुनौती दी है। दीपके ने कहा कि दोनों अपनी शैक्षणिक योग्यता सार्वजनिक कर इस विवाद को खत्म कर सकते हैं।
2 min read
Sep 03, 2026
Abhijeet Dipke news
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके (फोटो-ANI)

Abhijeet Dipke News: नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से शिक्षा को लेकर एक बार फिर विवाद छिड़ गया है। अपनी शैक्षणिक योग्यता पर उठ रहे सवालों के बीच दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि दोनों अपनी-अपनी डिग्री सार्वजनिक करें और इस विवाद को खत्म करें।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि लोग मेरी डिग्री देखने के लिए बहुत उतावले हो रहे हैं और उनका धैर्य जवाब दे रहा है। मुझे हैरानी होती है कि वे पिछले 12 सालों से बिना प्रधानमंत्री की डिग्री देखे कैसे काम चला रहे हैं? आइए, हम दोनों अपनी-अपनी डिग्री दिखाते हैं और इस विवाद का हमेशा के लिए अंत करते हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो भी किया साझा

दीपके ने 'एक्स' पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसे 'BUComGrad' नाम के अकाउंट की ओर से पोस्ट किया गया बताया जा रहा है। वीडियो में एक कार्यक्रम के दौरान दीपके छात्रों के साथ बैठे और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। दीपके की ओर से इसे अपनी बोस्टन यूनिवर्सिटी से जुड़ी शिक्षा के संदर्भ में साझा किया गया।

बोस्टन यूनिवर्सिटी को लेकर फिर उठे सवाल

दीपके की शिक्षा को लेकर विवाद उस समय फिर चर्चा में आया, जब पॉडकास्टर प्रखर गुप्ता के एक हालिया पॉडकास्ट में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ बातचीत के दौरान दीपके की शैक्षणिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठाए गए। पॉडकास्ट में गुप्ता ने दावा किया कि उनके एक करीबी दोस्त ने बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की है और CJP के नेतृत्व में हुए आंदोलन में भी शामिल था। गुप्ता के मुताबिक, बाद में उनके दोस्त ने दीपके की शैक्षणिक योग्यता की पड़ताल की और कथित तौर पर उन्हें बोस्टन यूनिवर्सिटी से दिपके के ग्रेजुएशन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।

पहले भी उठ चुके हैं पढ़ाई के खर्च को लेकर सवाल

अभिजीत दीपके की अमेरिका में पढ़ाई को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। सूरत के RTI कार्यकर्ता अमित तिवारी ने उनके पिता भगवानराव दिपके की आर्थिक स्थिति को लेकर महाराष्ट्र सरकार से जांच की मांग की थी। तिवारी ने सवाल उठाया था कि महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम में जूनियर इंजीनियर रहे भगवानराव दीपके की आय के आधार पर अमेरिका में बच्चों की पढ़ाई का खर्च कैसे उठाया गया।

दीपके ने बताया था- स्कॉलरशिप से हुई पढ़ाई

इन आरोपों को अभिजीत दीपके पहले ही खारिज कर चुके हैं। वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि बोस्टन यूनिवर्सिटी में उनकी पढ़ाई स्कॉलरशिप के जरिए हुई थी। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने कुछ शिक्षा ऋण लिया था, जिसे उन्हें वापस चुकाना है। दीपके ने इंटरव्यू के दौरान यूनिवर्सिटी की ओर से मिली अपनी स्कॉलरशिप का पत्र भी दिखाया था।

Updated on:
03 Sept 2026 02:20 pm
Published on:
03 Sept 2026 02:15 pm