
अभिनंदन ने छोड़ी वायुसेना की नौकरी (Photo-IANS)
Abhinandan Varthaman Resignation: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने 31 मार्च को IAF छोड़ दी और इसके बाद क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 से जुड़ गए। अभिनंदन वर्धमान साल 2019 में उस समय चर्चा में आए थे, जब बालाकोट एयरस्ट्राइक के एक दिन बाद भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान उनका MiG-21 Bison दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उन्हें पाकिस्तान ने करीब 60 घंटे तक हिरासत में रखा था।
बता दें कि पुलवामा हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर बम बरसाकर बालाकोट स्थित जैश के आतंकी कैंपों को ध्वस्त कर दिया। इसके एक दिन बाद भारतीय और पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों के बीच हवाई संघर्ष हुआ।
इसी दौरान भारतीय वायुसेना के फाइटर पायलट अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तानी F-16 का पीछा किया। उनका MiG-21 भी इस कार्रवाई में निशाना बना और उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा। पैराशूट से उतरने के बाद वे पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में पहुंच गए, जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया।
इस दौरान उन्होंने पूछा कि ये कौन सी जगह है? इस दौरान पाकिस्तान के एक नागरिक ने झूठ बोलकर कहा कि ये भारत है। लेकिन उनके पहनावे से अभिनंदन को शक हो गया और उन्होंने जोर से भारत माता की जय के नारे लगाए। जब इसका जवाब नहीं मिला तो अभिनंदन ने पिस्तौल तान दी, क्योंकि उन्हें समझ आ गया था कि यह भारत नहीं पाकिस्तान है।
अभिनंदन वर्धमान करीब 60 घंटे तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे। उनकी रिहाई के बाद उन्हें 1 मार्च 2019 को पंजाब के वाघा-अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत लाया गया।
भारत लौटने के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, उनके शरीर पर कई चोटों के निशान थे और एक पसली में फ्रैक्चर भी था। अभिनंदन ने बाद में बताया था कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने उनके साथ शारीरिक प्रताड़ना नहीं की, लेकिन उन्हें मानसिक दबाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
अभिनंदन वर्धमान का जन्म 1983 में चेन्नई में हुआ था। उन्होंने सैनिक स्कूल से पढ़ाई की और इसके बाद खड़गवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में दाखिला लिया।
साल 2004 में उन्होंने भारतीय वायुसेना की कॉम्बैट स्ट्रीम से प्रशिक्षण पूरा किया और फ्लाइंग ऑफिसर के तौर पर कमीशन हासिल किया। कुछ वर्षों की ट्रेनिंग के बाद उन्हें MiG-21 स्क्वाड्रन में तैनात किया गया।
अभिनंदन को 2006 में फ्लाइट लेफ्टिनेंट, 2010 में स्क्वाड्रन लीडर और 2017 में विंग कमांडर के पद पर पदोन्नति मिली।
Updated on:
03 Sept 2026 02:38 pm
Published on:
03 Sept 2026 02:38 pm
