राष्ट्रीय

Accident News: झारखंड में सगाई समारोह में आ रहे लोगों की घाटी में पलटी बस, 5 लोगों की मौत; 25 घायल

Jharkhand Accident News: पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
2 min read
Jan 18, 2026
Latehar bus accident, Jharkhand road accident, Marriage party bus overturned Latehar,
झारखंड में बस हादसे में 5 लोगों की मौत (Photo-IANS)

Accident News: झारखंड के लातेहार में रविवार को एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से अधिक घायल हो गए। दरअसल, छत्तीसगढ़ से आ रही एक बस महुआडांड क्षेत्र की ओरसा घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी लोग सगाई समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

5 लोगों की हुई मौत

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आगे कहा कि हालांकि अभी तक हादसे का कारण स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच की जा रही है। 

मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग

बता दें कि हादसे की सूचना पर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी और घायलों को बस से निकालने का कार्य शुरू किया। वहीं इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और अन्य टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

सीएम ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना का संज्ञान लिया है और लातेहार जिला प्रशासन को पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया और लिखा- "तत्काल संज्ञान लें और घायलों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करें।"  

प्रदेश में 24 घंटे के भीतर तीन बड़ी सड़क दुर्घटनाएँ

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान तीन गंभीर सड़क हादसे सामने आए हैं। शनिवार रात देवड़ी थाना क्षेत्र के घासीदीह गांव के पास एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इसी दौरान झालकडीह इलाके में एक और दुर्घटना हुई, जहां एक मोटरसाइकिल की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated on:
18 Jan 2026 08:04 pm
Published on:
18 Jan 2026 07:19 pm