
Gautam Adani: अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने पश्चिम बंगाल में बड़े निवेश का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि समूह 2035 तक राज्य में 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश करेगा। कोलकाता के न्यू टाउन में 2,000 बेड वाले अस्पताल की आधारशिला के मौके पर उन्होंने बताया कि ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ पर करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इससे 10,000 नौकरियां पैदा होंगी।
इस निवेश की दिशा में पहला कदम बढ़ाते हुए गुरुवार को कोलकाता के न्यू टाउन क्षेत्र में 2,000 बिस्तरों वाले सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज 'अडानी आरोग्य मंदिर' का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। यह एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल होगा, जिसे बनाने में अडानी ग्रुप करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित इस शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इस अत्याधुनिक मेडिकल कॉम्प्लेक्स के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ-साथ सीधे तौर पर 10,000 से अधिक नौकरियों के अवसर मिलेंगे।
गौतम अडानी ने कहा कि कोलकाता की सबसे खास बात इसका समुद्री मार्ग है, जो इसे व्यापार के लिए बहुत खास बनाता है। यहां विकास की बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं। अडानी ग्रुप के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) सबसे अहम है, इसीलिए कंपनी राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में 1 लाख करोड़ रुपये लगाएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम से पहले गौतम अडानी ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर पहुंचकर मां शक्ति की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मां काली के दर्शन कर उन्होंने राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और देश के विकास के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और कार्यशक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
न्यू टाउन में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में अडानी परिवार की खास मौजूदगी रही। गौतम अडानी के साथ उनकी पत्नी व अडानी फाउंडेशन की चेयरमैन डॉ. प्रीति अडानी और उनके बेटे तथा अडानी पोर्ट्स के प्रबंध निदेशक करण अडानी भी इस भव्य शिलान्यास समारोह में मौजूद रहें।