
तमिलनाडु के करूर जिले से घरेलु हिंसा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कुलीथलाई सरकारी अस्पताल में रविवार की सुबह एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान विश्रुत के रूप में हुई है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि विश्रुत और उसकी पत्नी श्रुति के बीच शनिवार देर रात उनके घर पर तीखी बहस हुई थी। इस दौरान, विश्रुत ने श्रुति को जमकर पीटा था। जिसके बाद सरकारी अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा था।
रविवार सुबह, उससे मिलने के बहाने विश्रुत एक चाकू लेकर अस्पताल में घुस गया। इसके बाद उसने श्रुति पर कई बार चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारी और आसपास खड़े लोग स्तब्ध रह गए। वहीं, हमलावर पकड़े जाने से पहले ही मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंच गए। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
इस घटना ने मरीजों और सरकारी अस्पतालों में कड़े सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। यह तमिलनाडु में घरेलू हिंसा से संबंधित मौतों पर बढ़ती चिंता को भी उजागर करता है।
हाल के महीनों में, तमिलनाडु में ऐसी ही कई घटनाएं हुई हैं। जून में, तिरुनेलवेली में मारीमुथुमन ने वैवाहिक विवाद के बाद अपनी पत्नी कांथिवल्ली को जलाकर मार डाला था।
मई में बिहार के एक मजदूर राजेश कुमार ने वेल्लोर में एक पारिवारिक न्यायालय परिसर के पास अपनी अलग रह रही पत्नी पर दरांती से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस बीच, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार से अस्पतालों की सुरक्षा बढ़ाने और पीड़ित महिलाओं के लिए संकट केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया है।