
पोलैंड के उप-प्रधानमंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर (फोटो - @DrSJaishankar/एक्स)
S Jaishankar Poland Visit Warsaw Talks: विदेश मंत्री एस जयशंकर यूक्रेन के बाद अब पोलैंड के दौरे पर हैं। वारसॉ में उन्होंने पोलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड के संबंधों और कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। जयशंकर और सिकोरस्की ने भारत-पोलैंड संयुक्त कार्य योजना 2024-28 की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान व्यापार और निवेश के साथ अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और रक्षा सहयोग पर बात हुई।
दोनों देशों के बीच शिक्षा, शिपिंग, खनन और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा लोगों के बीच संपर्क, संस्कृति और बहुपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा रहे। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में आगे सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया।
बैठक में मौजूदा भू-राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने सप्लाई चेन को मजबूत करने और भोजन, ईंधन तथा उर्वरक की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने वैश्विक चुनौतियों और संसाधनों की सुरक्षा पर भी विचार किया। जयशंकर ने इस दौरान कहा कि लगातार चल रहे युद्धों का अंत होना चाहिए।
बदलते वैश्विक हालात के बीच आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना दोनों देशों के लिए अहम है। ऐसे में बातचीत में आर्थिक और रणनीतिक हितों से जुड़े मुद्दों को भी जगह मिली।
जयशंकर ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच सहयोग को मजबूत करने में पोलैंड के समर्थन की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता लागू होने के बाद भारत और पोलैंड के बीच सहयोग और मजबूत होगा।
भारत और पोलैंड के बीच राजनयिक संबंध 1954 में स्थापित हुए थे। दोनों देशों के रिश्ते 2024 में रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचे। इसी दौरान 2024-28 के लिए संयुक्त कार्य योजना भी तैयार की गई थी। जयशंकर 3 से 5 सितंबर तक यूक्रेन और पोलैंड की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय घटनाक्रम और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।
Updated on:
04 Sept 2026 08:54 pm
Published on:
04 Sept 2026 08:54 pm
