Bomb Threat Email: अहमदाबाद में स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिलने पर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत कार्रवाई शुरू की, और स्कूलों की तलाशी जारी है।
Ahmedabad School Threat: गुजरात के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद और वडोदरा के कुल 12 स्कूलों को यह धमकी दी गई है। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया है कि वे गुजरात को खालिस्तान बना देंगे, और धमकी में यह भी लिखा था कि स्कूलों में आज 1:15 बजे बम विस्फोट होंगे।
ईमेल में गुजरात को खालिस्तान बनाने की बात कही गई है और दावा किया गया है कि अहमदाबाद व वडोदरा के स्कूलों और स्कूल बसों में रखे बम भी फटेंगे। धमकी भेजने वाले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। उन्हें खालिस्तान का विरोधी बताया गया है। साथ ही, ईमेल में पंजाब की आजादी और भारत के टुकड़े करने की बात भी की गई है।
धमकी से संबंधित यह ईमेल पंजाबी भाषा में भेजा गया था। अहमदाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने पुष्टि की कि यह ईमेल सुबह के समय भेजा गया और इसमें बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीसीपी अजित आर्यन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी सुरक्षा उपायों को लागू किया जा रहा है और स्कूलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गुजरात के स्कूलों में आज की घटनाओं ने अभिभावकों और छात्रों के बीच डर और असुरक्षा की भावना को जन्म दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों को तात्कालिक सुरक्षा देने के लिए त्वरित कदम उठाए गए हैं और सभी स्कूलों में सघन जांच की जा रही है। इस समय, पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस द्वारा संबंधित अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।